फूट-फूटकर रो पड़े हेमंत सोरेन, मंत्री दीपिका की बेटी तृषा का पार्थिव शरीर पहुंचा रांची
“मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का पार्थिव शरीर जमशेदपुर से रांची पहुंचा. मंत्री आवास पर दीपिका को बेसुध देख मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद को नहीं रोक पाए और फूट-फूटकर रो पड़े. इस दौरान कांग्रेस, जेएमएम और बीजेपी के कई नेता भी परिवार से मिलने पहुंचे.”

रांची में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास पर गुरुवार को बेहद गमगीन माहौल रहा. उनकी बेटी तृषा सिंह का पार्थिव शरीर जमशेदपुर से रांची पहुंचा तो परिवार का दर्द देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए. इसी दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंत्री आवास पहुंचे. दीपिका पांडेय सिंह और परिवार को इस हालत में देखकर मुख्यमंत्री खुद को रोक नहीं पाए और फूट-फूटकर रो पड़े. तृषा के निधन से पहले से ही दीपिका बेसुध थीं. एयरपोर्ट से लेकर अपने आवास तक वह लगातार रोती रहीं. बेटी का पार्थिव शरीर सामने आने के बाद वह उसके पास बैठ गईं और बार-बार तृषा को उठने के लिए कहती रहीं. इस मार्मिक दृश्य के बीच मुख्यमंत्री का भावुक होना भी वहां मौजूद लोगों के लिए बेहद पीड़ादायक पल रहा.
बेटी के पार्थिव शरीर के पास बैठी रहीं दीपिका
जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तृषा सिंह का पार्थिव शरीर रांची लाया गया. दीपिका पांडेय सिंह महगामा से रांची पहुंचीं और सीधे अपने आवास आईं. एयरपोर्ट से निकलते वक्त भी वह बेसुध होकर रो रही थीं. आवास पहुंचने के बाद बेटी का पार्थिव शरीर सामने आया तो वह उसके पास बैठ गईं और बार-बार उसे उठने के लिए कहती रहीं.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी परिवार से मिलने पहुंचे और दीपिका को इस हालत में देखकर भावुक हो गए. उनके अलावा कांग्रेस और जेएमएम के कई मंत्री, विधायक और नेता मंत्री आवास पहुंचे. बीजेपी से नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू भी परिवार से मिलने पहुंचे और संवेदना जताई. मंत्री आवास पर नेताओं और करीबियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है. तृषा सिंह का अंतिम संस्कार रांची में ही किया जाएगा.



