हरदोई: मजाक पड़ा भारी, दुल्हन का पल्लू खींचते ही मंडप में चले लात-घूंसे
हरदोई में शादी समारोह के दौरान फेरों के समय दूल्हे के भाई द्वारा कथित तौर पर दुल्हन का पल्लू खींचने पर विवाद इतना बढ़ गया कि मंडप में मारपीट हो गई. शादी की रस्में रोककर दोनों पक्ष अतरौली थाने पहुंचे. बाद में आपसी समझौते के बाद विवाह की शेष रस्में पूरी कर दुल्हन की विदाई की गई.

Uttar Pradesh: हरदोई जिले में एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब फेरों के दौरान दूल्हे के छोटे भाई ने मजाक में दुल्हन का पल्लू खींच दिया. मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिससे शादी की रस्में बीच में रोकनी पड़ीं और दोनों पक्षों को पुलिस थाने जाना पड़ा.
फेरों के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, हरदोई निवासी राजकुमार की बेटी नन्ही का विवाह सीतापुर निवासी दिनेश के साथ हो रहा था. अंतिम फेरों के दौरान दूल्हे के छोटे भाई मुकेश ने कथित तौर पर मजाक में दुल्हन का पल्लू खींच दिया. इस पर दुल्हन के चाचा पिंकू ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोगों के नशे में होने के कारण विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मंडप में मारपीट शुरू हो गई.
मारपीट में दूल्हा समेत दो लोग घायल
हंगामे के दौरान दूल्हे दिनेश के सिर में चोट लग गई, जबकि दुल्हन का चचेरा भाई रामू भी घायल हो गया. स्थिति बिगड़ने पर शादी की रस्में रोक दी गईं और दोनों पक्ष अतरौली थाने पहुंच गए.
पुलिस थाने में हुआ समझौता
गुरुवार को अतरौली थाने में गांव के प्रधान पति रामलखन की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई. आपसी सहमति से समझौता कराया गया, जिसके तहत घायलों के इलाज के लिए 4,500 रुपये दिए गए. थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी समझौते के बाद कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई.
समझौते के बाद पूरी हुई शादी
समझौते के बाद दोनों पक्ष गांव लौटे और गुरुवार शाम को मंडप में बची हुई दो भांवरें पूरी कराई गईं. इसके बाद दूल्हे ने दुल्हन की मांग में सिंदूर भरकर विवाह की शेष रस्में पूरी कीं. अंत में परिवार की मौजूदगी में दुल्हन की विदाई कर दी गई.


