लोहरदगा में फोरलेन निर्माण स्थल पर अपराधियों की पुलिस से मुठभेड़, 9 राउंड फायरिंग, मजदूरों में दहशत
“निर्माणाधीन नेशनल हाइवे-39 फोरलेन परियोजना में शनिवार देर रात अपराधियों ने दहशत फैलाने की कोशिश की. लेवी वसूलने के इरादे से निर्माण स्थल पर पहुंचे तीन अपराधियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई. ”

लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन नेशनल हाइवे-39 फोरलेन परियोजना में शनिवार देर रात अपराधियों ने दहशत फैलाने की कोशिश की. लेवी वसूलने के इरादे से निर्माण स्थल पर पहुंचे तीन अपराधियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई. दोनों ओर से करीब नौ राउंड फायरिंग हुई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद अपराधी बाइक से चंदवा की ओर फरार हो गए. घटना के बाद निर्माण कार्य में लगे मजदूरों में दहशत का माहौल है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
काम बंद करने की धमकी देकर मजदूरों में मचाई अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, शनिवार की देर रात करीब दो बजे एक बाइक पर सवार तीन अपराधी कुड़ू के ढुलुवाखुंटा से लातेहार के उदयपुरा तक बन रही फोरलेन सड़क के निर्माण स्थल पर पहुंचे. उस समय पावर सब स्टेशन के पास पुलिया पर गाइडर लगाने का काम चल रहा था. अपराधियों ने वहां मौजूद मजदूरों को काम बंद करने की चेतावनी दी. अचानक अपराधियों के पहुंचने से मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और वे मौके से भागने लगे.
मजदूरों के शोर मचाने के बाद निर्माण स्थल के पास सुरक्षा में तैनात एसएटी के जवानों को घटना की जानकारी मिली. जवान तत्काल मौके पर पहुंचे. पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी.
पुलिस की जवाबी फायरिंग के बाद भागे अपराधी
पुलिस के पहुंचने पर अपराधियों ने करीब पांच राउंड फायरिंग की. जवाब में एसएटी के जवानों ने भी करीब चार राउंड फायर किए. इस तरह दोनों ओर से करीब नौ राउंड फायरिंग होने की बात सामने आई है.
फायरिंग के दौरान एक अपराधी ने निर्माण स्थल पर खड़ी जेसीबी और रोलर मशीन में आग लगाने की कोशिश भी की. इसके लिए वह वाहन से पेट्रोल निकाल रहा था. हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के चलते अपराधी अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके.
पुलिस का दबाव बढ़ता देख तीनों अपराधी बाइक से चंदवा की दिशा में भाग निकले.
रात में ही मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही कुड़ू थाना प्रभारी नीरज झा रात में ही पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस टीम ने अपराधियों का पीछा भी किया, लेकिन अंधे



