रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के बीच जनसेवा में जुटे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेमरा में सुनीं लोगों की समस्याएं
माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पैतृक गांव नेमरा से जनसेवा में जुटे हैं. वह विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों की जमीन, इलाज, रोजगार और मुआवजे से जुड़ी समस्याएं सुनकर अधिकारियों को समाधान के निर्देश दे रहे हैं.

Ramgarh/Nemra: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी मां स्वर्गीय रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के बीच भी जनसेवा से जुड़े हुए हैं. अपने पैतृक गांव नेमरा में पारिवारिक अनुष्ठान पूरा करने के साथ मुख्यमंत्री आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं. राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने पहुंचे और अपनी व्यक्तिगत व क्षेत्रीय समस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपे. मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर आवश्यक समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
जमीन, इलाज और रोजगार से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे लोग
नेमरा पहुंचे लोगों में गिरिडीह जिले के केश्वरी गांव निवासी माधो पासवान भी शामिल थे. वह अपनी दृष्टिबाधित पुत्री कालो कुमारी के साथ पहुंचे और अपनी जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग रखी. वहीं, रांची जिले के सिल्ली स्थित हाकेदाग निवासी विश्राम बेदिया ने अपनी बीमार पत्नी एतवारी देवी के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया. रामगढ़ जिले के हेठबरगा निवासी राज बेदिया ने रोजगार उपलब्ध कराने और दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनवाने की मांग रखी. इसके अलावा, सोंकी गांव के एक युवक ने अपने भाई अनू कुमार बेदिया की मृत्यु के बाद मुआवजा भुगतान का आग्रह किया. मुख्यमंत्री ने इन मामलों को गंभीरता से सुनते हुए जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.
रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे लोग
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय शिबू सोरेन की धर्मपत्नी रूपी सोरेन के निधन से नेमरा में शोक और संवेदना का माहौल है. दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से आम लोगों के साथ कई विशिष्ट व्यक्ति भी पहुंच रहे हैं. लोग उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा उनकी पत्नी कल्पना सोरेन से मिलकर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं. मुख्यमंत्री सभी से आत्मीयता के साथ मुलाकात कर रहे हैं.
श्राद्धकर्म की तैयारियों की समीक्षा, गोला चौक पर गोलंबर बनाने का निर्देश
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नेमरा स्थित अपने पैतृक आवास पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वर्गीय रूपी सोरेन के दशकर्म और संस्कार भोज की तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, वाहनों की पार्किंग, यातायात प्रबंधन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था करने का निर्देश दिया, ताकि आगंतुकों को परेशानी न हो. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने रामगढ़ के गोला चौक पर छोटा गोलंबर बनाने का निर्देश दिया. इसका उद्देश्य चारों दिशाओं से आने वाले वाहनों की आवाजाही सुगम बनाना, यातायात व्यवस्था बेहतर करना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है.


