बंगाल चुनाव 2026: 152 सीटों पर दोपहर 3 बजे तक 78.77% मतदान, कई जिलों में 80% के पार वोटिंग
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण में 152 सीटों पर 78.77% मतदान दर्ज किया गया. कई जिलों में 80% से अधिक वोटिंग हुई, जबकि कुछ जगहों पर हिंसा, झड़प और EVM खराबी की घटनाएं भी सामने आईं.


पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण में गुरुवार को मतदाताओं ने भारी उत्साह दिखाया. राज्य की 152 विधानसभा सीटों पर दोपहर 3 बजे तक 78.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो तेज और सक्रिय भागीदारी का संकेत माना जा रहा है. 16 जिलों में फैले इस चरण में करीब 3.60 करोड़ मतदाता 1,478 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद कर रहे हैं. कई जिलों में मतदान प्रतिशत 80 के करीब या उससे ऊपर पहुंच गया है. हालांकि कुछ इलाकों में हिंसा, झड़प, बमबाजी और ईवीएम खराबी की घटनाएं भी सामने आईं, लेकिन इसके बावजूद मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें दिखीं. चुनाव आयोग ने संवेदनशील जिलों में सुरक्षा कड़ी कर रखी है और केंद्रीय बलों की भारी तैनाती की गई है.
तेज रहा वोटिंग ट्रेंड
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक सुबह 9 बजे तक मतदान 18.76% था, जो 11 बजे तक बढ़कर 41.11% पहुंच गया. इसके बाद दोपहर 1 बजे तक वोटिंग 62.18% और 3 बजे तक 78.77% दर्ज की गई. यह आंकड़ा दिखाता है कि दिन बढ़ने के साथ मतदाताओं की भागीदारी तेजी से बढ़ी. गर्म मौसम और कुछ इलाकों में तनाव के बावजूद लोगों ने बूथों पर पहुंचकर वोट डाला.
जिलावार आंकड़े: दक्षिण दिनाजपुर सबसे आगे
दोपहर 3 बजे तक जिलावार मतदान प्रतिशत में कई जिलों ने शानदार भागीदारी दर्ज की.
• दक्षिण दिनाजपुर – 81.49%
• पश्चिम मेदिनीपुर – 81.07%
• झाड़ग्राम – 81.04%
• बीरभूम – 80.22%
• बांकुरा – 79.88%
• मुर्शिदाबाद – 79.72%
• कूचबिहार – 79.26%
• जलपाईगुड़ी – 78.92%
• पूर्व मेदिनीपुर – 78.94%
• अलीपुरद्वार – 77.53%
• उत्तर दिनाजपुर – 77.32%
• दार्जिलिंग – 76.54%
• मालदा – 76.22%
• पुरुलिया – 75.97%
• पश्चिम बर्द्धमान – 75.44%
• कालिम्पोंग – 74.07%
मुर्शिदाबाद और कुमारगंज में तनाव, झड़प और हमले की खबरें
मतदान के दौरान कुछ इलाकों से तनाव की खबरें भी सामने आईं. मुर्शिदाबाद के नौदा में बम फेंके जाने और TMC-AUJP समर्थकों के बीच झड़प की सूचना मिली. कुमारगंज में भाजपा उम्मीदवार पर हमले का आरोप लगा, जबकि सिलीगुड़ी और सिउड़ी में भी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस और कहा-सुनी हुई. इन घटनाओं के बाद केंद्रीय बलों की मौजूदगी बढ़ाई गई और चुनाव आयोग ने रिपोर्ट भी तलब की.
कई बूथों पर EVM खराबी से मतदाताओं में नाराजगी
मालदा और मुर्शिदाबाद के कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम खराबी की शिकायतें भी सामने आईं. रघुनाथगंज और बालुचारा हाई स्कूल बूथ पर वोटिंग कुछ समय के लिए प्रभावित हुई. इससे मतदाताओं को इंतजार करना पड़ा और स्थानीय स्तर पर नाराजगी भी देखी गई.
दूसरे चरण से पहले बढ़ेगा सियासी तापमान
पहले चरण में भारी मतदान ने साफ संकेत दिया है कि बंगाल में मुकाबला बेहद दिलचस्प है. अब सभी दलों की नजर अगले बुधवार होने वाले दूसरे चरण पर है. पहले चरण का यह मतदान आगे की राजनीतिक रणनीति तय करने में अहम भूमिका निभाएगा.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.







Leave a comment