झारखंड विधानसभा में SIR पर प्रदीप यादव और बाबूलाल मरांडी आमने-सामने, बोले- गठबंधन नहीं रोकता तो कट जाते 1 करोड़ नाम
झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में SIR पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई. प्रदीप यादव ने एक करोड़ मतदाताओं के नाम कटने का दावा किया, जबकि बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया.

Ranchi :- झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई. कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बीच सदन में जमकर नोकझोंक देखने को मिली. प्रदीप यादव ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए बीजेपी पर SIR के जरिए मतदाताओं के नाम काटने की साजिश का आरोप लगाया. वहीं, बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर SIR को लेकर राजनीतिक भ्रम फैलाने का आरोप लगाया. बहस के दौरान प्रदीप यादव ने दावा किया कि अगर इंडिया गठबंधन SIR का विरोध नहीं करता, तो एक करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से कट जाते. उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार पर भी निशाना साधा.
'जनता की आवाज उठाने के बजाय निर्वाचन आयोग का पक्ष ले रहे बाबूलाल'
सदन में अपनी बात रखते हुए प्रदीप यादव ने बाबूलाल मरांडी को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को जनता की समस्याओं और उनके मताधिकार की चिंता करनी चाहिए, लेकिन वह निर्वाचन आयोग का पक्ष लेते नजर आ रहे हैं. प्रदीप यादव ने आरोप लगाया कि SIR की मौजूदा प्रक्रिया बीजेपी की साजिश का हिस्सा है. एक गलत व्यक्ति की पहचान करने के नाम पर पूरी जनता को परेशान नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में किसी भी योग्य मतदाता का नाम नहीं कटना चाहिए. उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) को दर्जनों पत्र लिखे गए हैं. करीब 20 ऐसे लोगों के नाम भी दिए गए हैं, जिन्हें मतदाता सूची में मृत घोषित कर दिया गया है, जबकि वे जीवित हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी गलतियों के लिए जिम्मेदार कौन है?
बाबूलाल मरांडी बोले- मुख्यमंत्री और स्पीकर से शिकायत कीजिए
प्रदीप यादव के आरोपों पर बाबूलाल मरांडी ने जवाब दिया. उन्होंने कहा कि आज लग रहा है कि प्रदीप जी बार-बार मेरा नाम ले रहे हैं. अगर SDO स्तर पर अधिकारी काम नहीं कर रहे हैं, तो इसकी शिकायत मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष से करनी चाहिए. बाबूलाल मरांडी ने SIR को मतदाता सूची शुद्ध करने की सामान्य प्रक्रिया बताया. उन्होंने राज्य सरकार के विशेष सत्र को राजनीति से प्रेरित बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर बेवजह भ्रम फैला रही है.
'थोड़ा ऊपर की सोचिए', CEO की भूमिका पर प्रदीप यादव ने उठाए सवाल
बाबूलाल मरांडी के जवाब के बाद प्रदीप यादव ने अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा कि वह SDO की नहीं, बल्कि चुनाव आयोग के CEO की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं. उन्होंने कहा कि अगर पहरेदार से शिकायत करेंगे, तभी मामला निर्वाचन आयोग तक पहुंचेगा. इसलिए इस मामले को थोड़ा ऊपर तक देखने की जरूरत है. उन्होंने पाकुड़, जामताड़ा और राजमहल में निर्वाचन आयोग से जुड़े दौरे का जिक्र करते हुए महिलाओं और बंगाल से आने वाली महिलाओं के आंकड़ों पर सवाल उठाए. प्रदीप यादव ने 24 तारीख के दौरे का उल्लेख करते हुए 80 से 77 प्रतिशत तक के आंकड़े का हवाला दिया. उनका आरोप था कि इन इलाकों में SIR की प्रक्रिया को लेकर कई सवाल हैं, जिनका जवाब निर्वाचन आयोग को देना चाहिए.
ऑफलाइन फॉर्म जमा करने की अनुमति नहीं मिलने पर भी नाराजगी
प्रदीप यादव ने SIR के दौरान ऑफलाइन आवेदन की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से स्थानीय निवासियों की सुविधा के लिए ऑफलाइन आवेदन स्वीकार करने की बात कही गई थी, लेकिन CEO की ओर से इसे स्वीकार नहीं करने की बात कही गई. उन्होंने आरोप लगाया कि इससे आम लोगों को परेशानी हो रही है. प्रदीप यादव ने चुनाव आयोग के अधिकारियों पर निशाना साधते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार को लेकर भी तीखी टिप्पणी की.
'100 चूहे खाकर बिल्ली चली हज को', गठबंधन के विरोध को बताया जरूरी
सदन में बहस के दौरान प्रदीप यादव ने तंज कसते हुए कहा, '100 चूहे खाकर बिल्ली चली हज को.' उन्होंने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ लोकतंत्र बचाने की बात की जा रही है, दूसरी तरफ मतदाताओं को परेशान किया जा रहा है. प्रदीप यादव ने दावा किया कि अगर इंडिया गठबंधन SIR का विरोध नहीं करता, तो एक करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से कट जाते. उन्होंने इसे लोकतंत्र और आम लोगों के मताधिकार से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया.
संबंधित ख़बरें
और POLITICS ख़बरें
देवघर में 9 से 23 दिसंबर तक चलेगा कुष्ठ रोगी खोज अभियान, घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम

झारखंड हाई कोर्ट को मिलेगा नया मुख्य न्यायाधीश, जस्टिस विभु बखरू की नियुक्ति की सिफारिश
बीजोपचार और कीट प्रबंधन के आधुनिक तरीके सीखकर दक्ष बने किसान

लुगू बुरू बनेगा राष्ट्रीय पर्यटन केंद्र, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विकास योजनाओं का किया खुलासा

झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र कल से, केंद्र को घेरने की तैयारी में हेमंत सरकार

CM हेमंत सोरेन से मिले लॉन बॉल्स के विजेता खिलाड़ी, भारत की जीत पर दी बधाई


