महाकुंभ में भगदड़ में 15 से अधिक लोगों की मौत के बाद भी अमृत स्नान जारी, 11 बजे तीनों शंकराचार्य करेंगे अमृत स्नान
प्रयागराज : महाकुंभ मेले में संगम तट पर मंगलवार-बुधवार की रात 1.30 बजे मची भगदड़ में 15 से अधिक लोगों के मौत की खबर है, जबकि 50 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हैं. हालांकि, प्रशासन ने मौत या घायलों की संख्या को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है. भगदड़ के बाद प्रशासन के आग्रह पर सभी 13 अखाड़ों ने आज मौनी अमावस्या ...


प्रयागराज :
महाकुंभ मेले में संगम तट पर मंगलवार-बुधवार की रात 1.30 बजे मची भगदड़ में 15 से अधिक लोगों के मौत की खबर है, जबकि 50 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हैं. हालांकि, प्रशासन ने मौत या घायलों की संख्या को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है. भगदड़ के बाद प्रशासन के आग्रह पर सभी 13 अखाड़ों ने आज मौनी अमावस्या का अमृत स्नान रद्द कर दिया था. इसके बाद अखाड़ों की बैठक में तय हुआ कि 11 बजे के बाद अमृत स्नान करेंगे. वहीं तीनों शंकराचार्य सुबह 11:00 बजे अमृत स्नान करेंगे. उधर PM मोदी ने सीएम योगी आदित्यनाथ से चार बार फोन पर बात कर घटना की जानकारी ली.
पीएम ने सीएम योगी से की चार बार बात
हादसे पर सीएम योगी ने कहा- हालात नियंत्रण में हैं. किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें. योगी ने कहा कि प्रयागराज में अभी 8 से 10 करोड़ लोग मौजूद हैं. अमृत स्नान के लिए देशभर से आए श्रद्धालुओं की भीड़ है. संगम तट पर नहाने की होड़ लगी है. हालांकि, प्रशासन-व्यस्था पूरी तरह सख्त है. उन्होंने कहा कि कुछ श्रद्धालु घायल हुए हैं. उनमें से कुछ गंभीर रूप से घायल हैं. पीएम मोदी भी सुबह से ही हालात का जायजा ले रहे हैं. पीएम मोदी ने सुबह से चार बार हमसे बात की है. हालात नियंत्रण में है, मगर भीड़ का दबाव अब भी है.
कैसे हुई घटना
मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान की वजह से ज्यादातर पांटून पुल बंद थे. इसके कारण संगम पर पहुंचने वाले रास्तों में करोड़ों की भीड़ इकट्ठा होती चली गई, जिससे बैरिकेड्स में फंसकर कुछ लोग गिर गए. यह देख भगदड़ फैलने की अफवाह मच गई. संगम नोज पर एंट्री और एग्जिट के रास्ते अलग-अलग नहीं थे. ऐसे में जब भगदड़ मची तो लोगों को भागने का मौका नहीं मिला. वे एक-दूसरे के ऊपर गिरते गए. हादसे के बाद 75 से ज्यादा एम्बुलेंस संगम तट पर पहुंचीं और इनसे घायलों और मृतकों को अस्पताल ले जाया गया. हादसे के बाद संगम नोज इलाके में आम लोगों की एंट्री बंद कर दी गई. भीड़ और न बढ़े, इसलिए प्रयागराज से सटे जिलों में श्रद्धालुओं को रोक दिया गया है.
44 घाटों पर 8 से 10 करोड़ श्रद्धालुओं के डुबकी लगाने का अनुमान
महाकुंभ में आज मौनी अमावस्या पर संगम समेत 44 घाटों पर आज देर रात तक 8 से 10 करोड़ श्रद्धालुओं के डुबकी लगाने का अनुमान है. इससे पहले मंगलवार को साढ़े 5 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई. उधर प्रयागराज में सुरक्षा के लिए 60 हजार से ज्यादा जवान तैनात हैं.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts




Leave a comment