15 साल बाद IPL पॉइंट्स टेबल की बादशाह बनी RCB, विराट के बल्ले और भुनेश्वर के गेंद ने मचाया धमाल
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में Royal Challengers Bengaluru ने इतिहास रच दिया है. 15 साल बाद टीम ने लीग स्टेज को अंक तालिका के शीर्ष पर खत्म किया है.

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में Royal Challengers Bengaluru ने इतिहास रच दिया है. 15 साल बाद टीम ने लीग स्टेज को अंक तालिका के शीर्ष पर खत्म किया है. रजत पाटीदार की कप्तानी में RCB ने 18 अंकों और +0.783 नेट रन रेट के साथ टॉप पोजीशन हासिल कर प्लेऑफ में दमदार एंट्री की है. खास बात ये है कि पिछले सीजन में पहली बार IPL ट्रॉफी जीतने वाली बेंगलुरु टीम लगातार दूसरे साल शानदार प्रदर्शन कर रही है.
2011 के बाद पहली बार टेबल टॉपर बनी RCB
आईपीएल इतिहास में यह सिर्फ दूसरी बार है जब RCB ने लीग स्टेज को टॉप पर खत्म किया है. इससे पहले साल 2011 में डेनियल विटोरी की कप्तानी में टीम अंक तालिका में नंबर-1 रही थी. उस सीजन बेंगलुरु फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन Chennai Super Kings के हाथों हार झेलनी पड़ी थी. RCB इससे पहले 2009 और 2016 में भी फाइनल तक पहुंच चुकी है, लेकिन दोनों बार खिताब जीतने से चूक गई थी. 2009 में Deccan Chargers और 2016 में Sunrisers Hyderabad ने उनका सपना तोड़ा था. हालांकि 2025 में टीम ने आखिरकार 18 साल का इंतजार खत्म करते हुए Punjab Kings को हराकर अपना पहला IPL खिताब जीत लिया था.
विराट कोहली बने टीम के सबसे बड़े रन मशीन
Virat Kohli इस सीजन ऑरेंज कैप की रेस में पीछे जरूर हो गए हैं, लेकिन वह अब भी RCB के सबसे सफल बल्लेबाज बने हुए हैं. कोहली ने 14 पारियों में 557 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं. उनके अनुभव और लगातार प्रदर्शन ने टीम को टेबल टॉपर बनाने में बड़ी भूमिका निभाई है. वहीं कप्तान रजत पाटीदार ने भी अपनी कप्तानी से सभी को प्रभावित किया है. युवा खिलाड़ियों और अनुभवी सितारों के संतुलन ने इस सीजन RCB को सबसे मजबूत टीमों में शामिल कर दिया है.
भुवनेश्वर कुमार के सिर सजी पर्पल कैप
RCB के तेज गेंदबाज Bhuvneshwar Kumar इस समय पर्पल कैप होल्डर बने हुए हैं. उन्होंने 14 मैचों में 24 विकेट हासिल किए हैं. हालांकि Kagiso Rabada के भी 24 विकेट हैं, लेकिन भुवनेश्वर की इकॉनमी 7.71 होने के कारण वह पर्पल कैप की रेस में आगे हैं. बल्लेबाजी में विराट कोहली और गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार के दम पर RCB इस बार फिर खिताब की प्रबल दावेदार नजर आ रही है. 5अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या रजत पाटीदार की टीम लगातार दूसरा IPL खिताब जीतकर नया इतिहास बना पाती है या नहीं.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment