रांची में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर कालिख, भाजपा ने दर्ज कराई FIR
“रांची के हरमू पार्क में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के चेहरे पर कालिख पोते जाने के मामले में भाजपा ने अरगोड़ा थाने में FIR दर्ज कराई है. भाजपा नेताओं ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस CCTV फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.”

Ranchi: हरमू पार्क में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के चेहरे पर कालिख पोते जाने के मामले में भाजपा ने अरगोड़ा थाने में FIR दर्ज कराई है. सोमवार को राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, विधायक नवीन जायसवाल, गणेश मिश्रा समेत भाजपा नेताओं का प्रतिनिधिमंडल अरगोड़ा थाना पहुंचा और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की. भाजपा ने प्रतिमा के साथ हुई इस घटना को गंभीर बताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. मामला रविवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच का बताया जा रहा है. घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा नेता हरमू पार्क पहुंचे थे, जहां प्रतिमा के चेहरे पर लगी कालिख को साफ किया गया. भाजपा मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की.
रात में प्रतिमा पर पोती गई कालिख, भाजपा ने जताया विरोध
सोमवार सुबह मामला सामने आने के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया. पार्टी नेताओं ने कहा कि सार्वजनिक स्थल पर स्थापित महापुरुष की प्रतिमा के साथ इस तरह की घटना गंभीर है. भाजपा ने पुलिस से मामले की जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है. घटना के बाद पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. भाजपा की ओर से मामले में आगे भी विरोध दर्ज कराने की बात कही गई है.

