VIDEO: शटर तोड़ा, ATM उखाड़ा और फरार! देवघर में चोरों ने दिया बड़ी वारदात को अंजाम
देवघर के नंदन पहाड़ इलाके में चोरों ने SBI का पूरा ATM ही उखाड़कर चार पहिया वाहन से ले गए. वारदात CCTV कैमरे में कैद हुई है, जिसमें पांच बदमाश नजर आ रहे हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Deoghar: देवघर शहर में चोरों के हौसले बुलंद हैं. बीती रात नंदन पहाड़ इलाके में बदमाशों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का पूरा ATM ही उखाड़ लिया और चार पहिया वाहन से बांधकर अपने साथ ले गए. घटना के दौरान ATM में कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था, जिसका फायदा चोरों ने उठाया. जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने सबसे पहले ATM का शटर तोड़ा और इसके बाद मशीन को उखाड़कर वाहन में लाद लिया. ATM में उस समय कितनी नकदी मौजूद थी, इसका अभी तक आकलन नहीं हो पाया है. वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
पूरी वारदात पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में करीब पांच चोर ATM मशीन को उखाड़ते हुए नजर आ रहे हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ATM और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोर किस वाहन से पहुंचे थे और ATM को उखाड़ने के बाद किस दिशा में फरार हुए. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

