फर्जी कस्टमर केयर और सरकारी योजनाओं के नाम पर ठगी करने वाले सात साइबर अपराधी गिरफ्तार
देवघर पुलिस ने फर्जी कस्टमर केयर, गूगल-पे, एयरटेल पेमेंट बैंक और सरकारी योजनाओं के नाम पर साइबर ठगी करने वाले सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने छापेमारी में आठ मोबाइल फोन और 32 सिम कार्ड बरामद किए. आरोपित APK फाइल, कैशबैक और बैंकिंग सेवाओं का झांसा देकर लोगों को ठगते थे.

Deoghar: साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 27 नवंबर को पालाजोरी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपितों को पकड़ा गया. इनके पास से ठगी में इस्तेमाल होने वाले आठ मोबाइल फोन और 32 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि साइबर अपराधी फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी और गूगल-पे कर्मी बनकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं. इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के नाम पर भी लोगों से पैसे ऐंठे जा रहे थे. छापेमारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में विभिन्न साइबर ठगी के मामलों में उनकी संलिप्तता सामने आई है.
कैशबैक, बिजली बिल और सरकारी योजनाओं का झांसा देकर करते थे ठगी
जांच में साइबर अपराधियों के ठगी करने के कई तरीके सामने आए हैं. आरोपित गूगल-पे, फोन-पे और पेटीएम के फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को कैशबैक का लालच देते थे. वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, बिजली बिल भुगतान और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल फोन का एक्सेस हासिल कर लेते थे. एयरटेल पेमेंट बैंक का अधिकारी बनकर भी लोगों को निशाना बनाते थे. एयरटेल थैंक्स एप के जरिए बैंक कार्ड बंद होने का डर दिखाकर उसे दोबारा चालू कराने के बहाने ठगी करते थे. इसके अलावा पश्चिम बंगाल के लोगों के नाम पर सिम क्लोन तैयार कर फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराने का काम भी करते थे. इस तरह विभिन्न तरीकों से लोगों की बैंकिंग जानकारी हासिल कर आर्थिक ठगी को अंजाम दिया जा रहा था.
झारखंड और बंगाल के सात युवक गिरफ्तार, 8 मोबाइल व 32 सिम जब्त
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हसीब मोमिन (28), सरफराज मोमिन (42), अफजल अंसारी (26), कमाल मोमिन (39), निजाम अंसारी (25), सरफुद्दीन अंसारी (24) और राजाबाबू मोमिन (18) के रूप में हुई है. इनमें कुछ आरोपित बीरभूम जिले के रामपुर थाना क्षेत्र, पश्चिम बंगाल के निवासी हैं, जबकि अन्य दुमका जिले के सरसिलिया और खुटोजोरी थाना क्षेत्र से जुड़े हैं. छापेमारी के दौरान पुलिस ने आठ मोबाइल फोन और 32 सिम कार्ड जब्त किए हैं. बरामद मोबाइल फोन का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है. जांच में मोबाइल नंबरों और आईएमईआई के आधार पर विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतों से तार जुड़ने की जानकारी मिली है. पुलिस ने लोगों से अनजान एपीके फाइल डाउनलोड नहीं करने और बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है. ठगी होने पर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरेंमहागामा में आजसू का प्रमंडलीय सम्मेलन कल, तैयारियों में जुटे पार्टी कार्यकर्ता
घोड़ाबांधा आवास पहुंचे हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन, अर्जुन मुंडा की माता को दी श्रद्धांजलि
मधुपुर स्टेशन पर आरपीएफ का सुरक्षा पहरा सख्त, खोजी कुत्तों ने खंगाला चप्पा-चप्पा

रूस में हिरासत में रखे गए झारखंड के युवक मनीष साहू की सुरक्षित भारत वापसी, जमशेदपुर पहुंचे

सड़क पर निर्माण सामग्री रखने पर 5 हजार जुर्माना, 5 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त

देवघर में बाल विवाह के खिलाफ 100 दिवसीय अभियान शुरू, जागरूकता रथ को डीसी ने किया रवाना


