दौड़ेगा सारवां, बढ़ेगा सारवां: राष्ट्रीय एकता दिवस पर 5 किमी मैराथन में दौड़ेंगे युवा और बच्चे
राष्ट्रीय एकता दिवस पर देवघर के सारवां में ‘दौड़ेगा सारवां, बढ़ेगा सारवां’ कार्यक्रम आयोजित होगा. पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख के नेतृत्व में होने वाली 5 किलोमीटर की मैराथन में युवा, बच्चे और छात्राएं हिस्सा लेंगे. अब तक 400 से अधिक प्रतिभागियों ने निबंधन कराया है.

Deoghar: देवघर जिले के सारवां प्रखंड में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को देशभक्ति और एकता का संदेश गूंजेगा. लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख के नेतृत्व में ‘दौड़ेगा सारवां, बढ़ेगा सारवां’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. रन फॉर यूनिटी के तहत होने वाली इस मैराथन में युवा, बच्चे और छात्राएं बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे. तुतरांचल फिजिकल एकेडमी, एकलव्य एकेडमी सहित विभिन्न संस्थाएं आयोजन में सहयोग कर रही हैं. पांच किलोमीटर की मैराथन के अलावा 1600 मीटर, 400 मीटर की दौड़ और साइकिल रेस भी आयोजित होगी. अब तक 400 से अधिक प्रतिभागियों ने अपना निबंधन कराया है.
बादल पत्रलेख के नेतृत्व में तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए गुरुवार को पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख के नेतृत्व में मॉक ड्रिल किया गया. इस दौरान बेहराकनारी मोड़ से प्रखंड स्तरीय स्टेडियम तक मैराथन के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया गया. सुरक्षा व्यवस्था, प्राथमिक उपचार, तकनीकी प्रबंधन और प्रतिभागियों की सुविधाओं से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया गया. मॉक ड्रिल में प्रखंड विकास पदाधिकारी रजनीश कुमार, अंचलाधिकारी राजेश साह, सीएचसी प्रभारी डॉ. बीके सिन्हा, संत जेलो स्कूल के निदेशक अजय कुमार सिंह और शिक्षाविद रामसेवक गुंजन सहित कई लोग मौजूद रहे. सारवां थाना के एएसआई मुकेश कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालने की तैयारियों में जुटे रहे. स्थानीय लोगों से भी कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई.
सुबह 6:30 बजे शुरू होगी मैराथन, 400 से अधिक प्रतिभागी तैयार
पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने बताया कि शुक्रवार सुबह 6:30 बजे बेहराकनारी मोड़ से प्रखंड स्तरीय स्टेडियम तक मैराथन दौड़ आयोजित होगी. उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं में राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, भाईचारे और देशप्रेम की भावना मजबूत करने का प्रयास है. बीडीओ रजनीश कुमार के अनुसार, अब तक 400 से अधिक प्रतिभागियों का निबंधन हो चुका है. इसमें बच्चों और छात्राओं की भागीदारी भी रहेगी. शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आयोजन को युवाओं की प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर बताया. बादल पत्रलेख ने आम लोगों से पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने और देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के सम्मान में तालियां बजाने की अपील की. उन्होंने कहा कि सारवां की एकता की आवाज रांची से दिल्ली तक पहुंचेगी.

