समृद्धि यात्रा की शुरुआत: सुपौल में CM नीतीश कुमार ने 569 करोड़ की 213 योजनाओं की दी सौगात
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार से अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ पर निकल गए. यात्रा के पहले दिन उन्होंने सुपौल जिले के निर्मली पहुंचकर करीब 569 करोड़ रुपये की 213 विकास योजनाओं की सौगात दी.

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार से अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ पर निकल गए. यात्रा के पहले दिन उन्होंने सुपौल जिले के निर्मली पहुंचकर करीब 569 करोड़ रुपये की 213 विकास योजनाओं की सौगात दी. इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. सरकारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री ने लगभग 434.46 करोड़ रुपये की 84 योजनाओं का शिलान्यास किया, जबकि करीब 134.89 करोड़ रुपये की 129 योजनाओं का उद्घाटन किया गया.
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह 10:45 बजे निर्मली अनुमंडल कार्यालय के पास बनाए गए नए हेलीपैड पर उतरा. वहां से वे निर्मली रिंग बांध (सिपाही चौक) पहुंचे, जहां उन्होंने बांध के जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया. इसके बाद मुख्यमंत्री अनुमंडल कार्यालय परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया और योजनाओं के लाभुकों से बातचीत कर फीडबैक लिया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने अनुमंडल कार्यालय के सभागार में अधिकारियों के साथ जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की. वहीं दोपहर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में भी उन्होंने भाग लिया और लोगों से सीधे संवाद किया.
‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान मुख्यमंत्री जीविका समूह की महिलाओं से भी बातचीत करेंगे. इस दौरान वे शराबबंदी के बाद शुरू की गई आजीविका योजनाओं, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना और युवा उद्यमी विकास अभियान जैसी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे. मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से कड़े इंतजाम किए गए हैं. कारकेड के लिए 13 स्तर की वाहन व्यवस्था की गई है, जिसमें रेगुलेशन मोबाइल, एडवांस पायलट, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के वाहन, एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहन शामिल हैं.
सुरक्षा के मद्देनज़र कार्यक्रम स्थल के पांच किलोमीटर के दायरे को नो-ड्रोन फ्लाई जोन घोषित किया गया है और कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की गई है. प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री की यह यात्रा क्षेत्र में विकास कार्यों की समीक्षा और योजनाओं की जमीनी स्थिति जानने का महत्वपूर्ण अवसर है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts



Leave a comment