लड़कियों की तस्कर रेशमा शिकंजे में, दिल्ली में बच्चियों को बेचती थी. सिमडेगा की दो लड़कियों को आरपीएफ ने ऐसे बचाया
रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने दो नाबालिग सिमडेगा की लड़कियों को ‘घरेलू काम’ के बहाने दिल्ली भेजने की कोशिश में महिला तस्कर रेशमा देवी को गिरफ्तार किया. पूछताछ में खुलासा हुआ कि रेशमा पहले भी झारखंड से बच्चियों को तस्करी के लिए ले जा चुकी थी.

Ranchi: झारखंड में मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच रांची रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग बच्चियों को तस्करी से बचा लिया. जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 12825 झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से दिल्ली ले जाई जा रही इन दोनों बच्चियों को संदिग्ध स्थिति में देखा गया, जिसके बाद जांच की गई. पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों बच्चियां सिमडेगा जिले की रहने वाली हैं और उन्हें घरेलू काम दिलाने के नाम पर दिल्ली ले जाया जा रहा था. मामले में साथ मौजूद महिला की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की गई. जांच में सामने आया कि यह एक सुनियोजित मानव तस्करी का प्रयास था, जिसमें वेतन के नाम पर कमीशन का खेल चल रहा था. आरपीएफ की तत्परता से दोनों नाबालिगों को सुरक्षित बचा लिया गया.
घरेलू काम के नाम पर कमीशन का जाल
पूछताछ में महिला ने बताया कि बच्चियों को दिल्ली में घरेलू काम दिलाने की बात कही गई थी, जहां प्रति बालिका 14-15 हजार रुपये मासिक वेतन तय था. हालांकि इस राशि में से 2-3 हजार रुपये प्रति माह आरोपी महिला अपने कमीशन के तौर पर रखने वाली थी. जांच में यह भी सामने आया कि महिला पहले भी झारखंड से बच्चियों को बाहर ले जा चुकी है. उसके खिलाफ पहले से ही अपहरण, दुष्कर्म, मानव तस्करी और पॉक्सो से जुड़े गंभीर मामले दर्ज हैं. इस खुलासे ने मानव तस्करी के नेटवर्क की गहराई को उजागर कर दिया है.
गिरफ्तारी, केस दर्ज और बच्चियों की सुरक्षा
आरपीएफ ने महिला को गिरफ्तार कर संबंधित थाना को सौंप दिया है. उसके पास से ट्रेन का टिकट और मोबाइल फोन बरामद किया गया है. दोनों नाबालिग बच्चियों को फिलहाल सुरक्षित आश्रय गृह में रखा गया है, जहां उनकी काउंसलिंग और देखभाल की जा रही है. इस पूरी कार्रवाई में आरपीएफ की टीम और महिला अधिकारी की अहम भूमिका रही. धिकारियों ने कहा कि रेलवे स्टेशनों पर मानव तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि इस तरह के मामलों पर सख्ती से रोक लगाई जा सके.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment