जमुई: मालगाड़ी हादसे से रेल यातायात ठप, 3 डिब्बे नदी में गिरे
जमुई जिले में शनिवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा हो गया. पूर्व रेलवे के आसनसोल रेल मंडल अंतर्गत जसीडीह–झाझा रेलखंड पर सिमुलतला थाना क्षेत्र के टेलवा बाजार हॉल्ट के पास बडुआ नदी पर स्थित पुल संख्या 676 पर सीमेंट से लदी एक मालगाड़ी बेपटरी हो गई.

जमुई जिले में शनिवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा हो गया. पूर्व रेलवे के आसनसोल रेल मंडल अंतर्गत जसीडीह–झाझा रेलखंड पर सिमुलतला थाना क्षेत्र के टेलवा बाजार हॉल्ट के पास बडुआ नदी पर स्थित पुल संख्या 676 पर सीमेंट से लदी एक मालगाड़ी बेपटरी हो गई. हादसे में मालगाड़ी के तीन डिब्बे पुल से नीचे नदी में जा गिरे, जबकि कई अन्य डिब्बे पटरी से उतर गए.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब 11:30 बजे हुआ, जब मालगाड़ी जसीडीह से झाझा की ओर अप लाइन पर जा रही थी. पुल संख्या 676 और पोल संख्या 344/18 के पास अचानक तेज आवाज के साथ रेल पटरी उखड़ गई. हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि अप लाइन की पटरी उखड़कर डाउन लाइन तक जा पहुंची.
दुर्घटना में तीन डिब्बे सीधे नदी में गिर गए, जबकि दो डिब्बे पुल पर खतरनाक स्थिति में लटक गए. इसके अलावा आधा दर्जन से अधिक डिब्बे आपस में टकराकर बेपटरी हो गए. मालगाड़ी में लदे सीमेंट के सैकड़ों बोरे ट्रैक और नदी के आसपास बिखर गए, जिससे पटरियों को भारी नुकसान पहुंचा है.
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और तकनीकी अधिकारियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं. क्रेन और अन्य भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने और ट्रैक बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी है.
इस हादसे के कारण किउल–जसीडीह मुख्य रेलखंड पर अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल परिचालन पूरी तरह ठप हो गया है. हावड़ा–दिल्ली मेन लाइन प्रभावित होने से कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोक दिया गया है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पुल पर डिब्बे लटके होने के कारण स्थिति संवेदनशील बनी हुई है और ट्रैक को पूरी तरह चालू करने में समय लग सकता है. रेल यातायात बाधित होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. करीब दो दर्जन से अधिक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.


Leave a comment