रांची में बेकाबू हालात: कार से रौंदने की कोशिश, पुलिस को करनी पड़ी 9 राउंड फायरिंग
राजधानी रांची के कचहरी चौक इलाके में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रांसजेंडर समुदाय के साथ मारपीट की घटना के बाद हालात बेकाबू हो गए. विवाद के दौरान एक ट्रांसजेंडर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका पैर टूटने की पुष्टि हुई है.

Ranchi: राजधानी रांची के कचहरी चौक इलाके में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रांसजेंडर समुदाय के साथ मारपीट की घटना के बाद हालात बेकाबू हो गए. विवाद के दौरान एक ट्रांसजेंडर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका पैर टूटने की पुष्टि हुई है. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली डीएसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. आरोप है कि हंगामा कर रहे युवकों ने पुलिसकर्मियों पर स्कॉर्पियो चढ़ाने की कोशिश की. हालांकि, पुलिसकर्मी समय रहते खुद को बचाने में सफल रहे, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
मामले में इस्तियाख और गुलफाम नामक युवकों पर गंभीर आरोप लगे हैं. पुलिस के अनुसार, दोनों ने स्कॉर्पियो वाहन से एक आम युवक को रौंद दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया. आरोप है कि इसके बाद घायल युवक को स्कॉर्पियो में डालकर आरोपी पूरी रात शहर में घूमते रहे. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने वाहन का पीछा शुरू किया, लेकिन आरोपी वाहन रोकने को तैयार नहीं हुए. तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाते हुए उन्होंने कई बार पुलिस को चकमा देने की कोशिश की, जिससे शहर में दहशत का माहौल बन गया. हालात को नियंत्रित करने और आत्मरक्षा के तहत पुलिस को मजबूरन फायरिंग करनी पड़ी. पुलिस ने कुल 9 राउंड फायरिंग की, जिसमें भाग रही स्कॉर्पियो के टायर को निशाना बनाया गया. इस दौरान इस्तियाख नामक युवक गोली लगने से घायल हो गया.
घायल इस्तियाख को इलाज के लिए रिम्स भेजा गया है, जहां उसकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं. वहीं, ट्रांसजेंडर और आम युवक के घायल होने के मामलों में भी पुलिस ने जांच तेज कर दी है. घटना के बाद कचहरी इलाके में कुछ देर तक तनाव का माहौल रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.


Leave a comment