देवघर में 9 से 23 दिसंबर तक चलेगा कुष्ठ रोगी खोज अभियान, घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम
देवघर में 9 से 23 दिसंबर तक विशेष कुष्ठ रोगी खोज अभियान चलेगा. इसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें जिले के शत-प्रतिशत घरों तक पहुंचकर जांच करेंगी. स्कूलों में भी बच्चों को जागरूक किया जाएगा और उनकी स्वास्थ्य जांच होगी.

Deoghar :- जिले में कुष्ठ रोगियों की पहचान और समय पर इलाज सुनिश्चित करने के लिए 9 से 23 दिसंबर तक विशेष कुष्ठ रोगी खोज अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों की जांच करेंगी. अभियान का लक्ष्य जिले के शत-प्रतिशत घरों तक पहुंचना है, ताकि कोई भी संभावित मरीज जांच से छूट न जाए. इस अभियान को लेकर बुधवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक हुई. इसमें कुष्ठ रोगी खोज अभियान (LCDС 2026-27) के सफल संचालन को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने कहा कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें. उन्होंने जोर दिया कि कुष्ठ रोग की समय पर पहचान ही बेहतर इलाज का सबसे महत्वपूर्ण आधार है.
महिला और पुरुष सदस्यों की अलग-अलग टीम करेगी जांच
अभियान के लिए जिलेभर में विशेष स्वास्थ्य टीमों का गठन किया गया है. प्रत्येक टीम में एक महिला और एक पुरुष सदस्य शामिल रहेंगे, ताकि महिलाओं और पुरुषों की जांच सहजता से की जा सके. अभियान की निगरानी के लिए सुपरवाइजर भी तैनात किए गए हैं. वहीं, सभी प्रखंडों की सहिया को जरूरी प्रशिक्षण दिया जा चुका है. उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अलावा शिक्षा, समाज कल्याण, कल्याण, पंचायती राज और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि 23 दिसंबर तक जिले के सभी घरों में स्वास्थ्य टीमों की पहुंच सुनिश्चित की जाए.
शरीर पर सुन्नपन वाले दाग दिखें तो कराएं जांच
उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि कुष्ठ रोग के संभावित लक्षणों को नजरअंदाज न करें. शरीर पर हल्के रंग के दाग-धब्बे दिखाई देने और उनमें सुन्नपन महसूस होने पर स्वास्थ्यकर्मियों से जांच करानी चाहिए. इसके अलावा हाथ-पैर में झनझनाहट जैसे लक्षण दिखने पर भी तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए. उन्होंने कहा कि समय पर रोग की पहचान और नियमित दवा के सेवन से कुष्ठ रोग से प्रभावित व्यक्ति पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है. अभियान के दौरान लोगों को बीमारी के लक्षण, जांच और इलाज के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा.
स्कूलों में भी होगी बच्चों की स्वास्थ्य जांच
कुष्ठ रोग की शुरुआती पहचान के लिए जिले के सभी विद्यालयों में भी जागरूकता और स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जाएगा. उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि स्कूली बच्चों को कुष्ठ रोग के लक्षणों और बचाव के बारे में जानकारी दी जाए. इसके साथ ही बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर संभावित मामलों की पहचान की जाएगी, ताकि जरूरत पड़ने पर समय पर इलाज शुरू कराया जा सके. बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, एसीएमओ, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC), सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम के सदस्य मौजूद थे.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरें
फसल बीमा के नाम पर पात्र किसानों के आवेदन नहीं होंगे रद्द, देवघर DC सख्त

झारखंड विधानसभा में SIR पर प्रदीप यादव और बाबूलाल मरांडी आमने-सामने, बोले- गठबंधन नहीं रोकता तो कट जाते 1 करोड़ नाम
झारखंड हाई कोर्ट को मिलेगा नया मुख्य न्यायाधीश, जस्टिस विभु बखरू की नियुक्ति की सिफारिश

बीजोपचार और कीट प्रबंधन के आधुनिक तरीके सीखकर दक्ष बने किसान

लुगू बुरू बनेगा राष्ट्रीय पर्यटन केंद्र, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विकास योजनाओं का किया खुलासा

झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र कल से, केंद्र को घेरने की तैयारी में हेमंत सरकार


