रांची नगर निगम की आर्थिक स्थिति पर चिंता, सरकारी भवनों पर 100 करोड़ रुपये से ज्यादा होल्डिंग टैक्स बकाया
रांची नगर निगम की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए आपातकालीन बैठक हुई. सरकारी भवनों पर 100 करोड़ रुपये से ज्यादा होल्डिंग टैक्स बकाया है. मेयर रोशनी खलखो ने टैक्स वसूली में सख्ती के संकेत दिए.

Ranchi :- रांची नगर निगम की आर्थिक स्थिति सुधारने और शहर की व्यवस्था बेहतर बनाने को लेकर आपातकालीन बैठक बुलाई गई. बैठक में मेयर रोशनी खलखो, नगर आयुक्त सुशांत गौरव समेत नगर निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे. बैठक में शहर की साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, होल्डिंग टैक्स की वसूली और निगम के खर्चों पर चर्चा हुई. बैठक के बाद मेयर ने बताया कि सरकारी भवनों और सरकारी जमीनों पर 100 करोड़ रुपये से अधिक का होल्डिंग टैक्स बकाया है. इसकी वसूली के लिए संबंधित विभागों को नोटिस जारी किया जाएगा.
टैक्स कलेक्शन करने वाली कंपनी हटने से प्रभावित हुई वसूली
मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि शहर में साफ-सफाई और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम किया गया है. हालांकि, नगर निगम की आर्थिक स्थिति सुधारना एक बड़ी चुनौती है. उन्होंने बताया कि होल्डिंग टैक्स वसूली का काम करने वाली कंपनी को सरकार की ओर से हटा दिया गया था. इसके बाद टैक्स कलेक्शन प्रभावित हुआ और निगम की आमदनी पर असर पड़ा. अब निगम बकाया टैक्स की वसूली के लिए संबंधित विभागों को नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहा है.
सरकारी भवनों पर 100 करोड़ से ज्यादा टैक्स बकाया
मेयर ने बताया कि सरकारी भवनों और सरकारी जमीनों पर 100 करोड़ रुपये से अधिक का होल्डिंग टैक्स बकाया है. निगम इस राशि की वसूली के लिए जरूरी कदम उठाएगा. उन्होंने कहा कि निगम की आमदनी के स्रोतों की समीक्षा की जा रही है, ताकि आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाया जा सके.
A2Z कंपनी के बकाये पर कोर्ट के फैसले का होगा पालन
वहीं, A2Z कंपनी के बकाया भुगतान को लेकर नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि इस मामले में न्यायालय का जो भी फैसला आएगा, नगर निगम उसका पालन करेगा. उन्होंने कहा कि निगम की व्यवस्था में जो भी कमियां और त्रुटियां हैं, उन्हें सुधारने का प्रयास किया जाएगा. न्यायालय के निर्णय के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी.
होल्डिंग टैक्स वसूली में बढ़ेगी सख्ती
नगर आयुक्त ने कहा कि होल्डिंग टैक्स जमा करने की समयसीमा हर साल निर्धारित होती है. अब नगर निगम टैक्स वसूली को लेकर और सख्ती बरतेगा. उन्होंने शहरवासियों से भी समय पर टैक्स जमा करने की अपील की. उनका कहना है कि नगर निगम की व्यवस्था और शहर की बुनियादी सुविधाओं को बनाए रखने के लिए लोगों का समय पर टैक्स जमा करना जरूरी है. फिलहाल रांची नगर निगम के सामने अपनी आमदनी बढ़ाने और खर्चों को नियंत्रित करने की चुनौती है. सरकारी भवनों पर बकाया टैक्स की वसूली और A2Z कंपनी के भुगतान का मामला आने वाले दिनों में अहम रहने वाला है. अब देखना होगा कि निगम की ओर से बनाई गई रणनीति से आर्थिक स्थिति में कितना सुधार आता है.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरेंचतरा में बालू सिंडिकेट मामले में छापेमारी, तीन ठेकेदारों के ठिकानों पर EOU की कार्रवाई
बाबा बैद्यनाथ के दरबार पहुंचे ईशान किशन, कहा- जब कुछ बड़ा करना होता है तो बाबा का आशीर्वाद लेने आता हूं
वैद्यनाथ फिजिकल एकेडमी की पहल पर देवघर में दौड़ प्रतियोगिता, मेयर रवि कुमार राउत और पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने बढ़ाया उत्साह

गिरधारी मंडल के निधन से सारवां में शोक की लहर, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख ने दी श्रद्धांजलि

पत्रकार अभिषेक भारती की हिरासत में पिटाई का आरोप, बाबूलाल मरांडी ने हाईकोर्ट और NHRC से की हस्तक्षेप की मांग

ईपीएफ के पांच करोड़ बकाये और वेतन बढ़ोतरी पर भड़के सफाईकर्मी, नगर आयुक्त को दिया एक सप्ताह का अल्टीमेटम


