असम में बड़ा रेल हादसा. कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन समेत 6 हिस्से पटरी से उतरे, बचाव अभियान जारी
असम के दिगारू में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन समेत 5 डिब्बे पटरी से उतर गए. हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की आशंका है. राहत और बचाव अभियान जारी है.

Assam:- बुधवार, 11 नवंबर की सुबह असम में एक बड़ा रेल हादसा हो गया. गुवाहाटी के बाहरी इलाके में स्थित दिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस पटरी से उतर गई. हादसे में ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए. घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया. मौके पर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है. पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) के मुताबिक, 11 नवंबर की सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को दिगारू रेलवे स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था. इसी दौरान ट्रेन के लोको पायलट गति को नियंत्रित नहीं कर सके और इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए.
कई यात्रियों के घायल होने की आशंका
हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की खबर है. हालांकि, अभी तक घायलों की सही संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी की मौत की सूचना सामने नहीं आई है. रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं.
मौके पर भेजी गई रिकवरी ट्रेन
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया. रेलवे की ओर से पटरियों को साफ करने और दुर्घटनाग्रस्त डिब्बों को हटाने के लिए रिकवरी ट्रेन मौके पर भेजी गई है. यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की जा रही है. पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के महाप्रबंधक (GM) समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं. फिलहाल रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता यात्रियों को सुरक्षित निकालना और रेल परिचालन को जल्द से जल्द सामान्य करना है.
हादसे के कारणों की जांच जारी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन के पटरी से उतरने की वजह और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है. घायलों की संख्या और हादसे से हुए नुकसान को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है. बचाव अभियान जारी है.

