माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान की मौत, झांसी हाईवे पर हुआ दर्दनाक हादसा
“माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की झांसी में सड़क हादसे में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि वह जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था. तेज रफ्तार कार के डिवाइडर से टकराने के बाद यह हादसा हुआ, जिसमें अबान समेत तीन लोगों की जान चली गई.”

माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत हो गई. यह हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में अबान समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं. सभी लोग प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मुलाकात करने जा रहे थे.
तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई
जानकारी के मुताबिक, हाईवे पर कार की रफ्तार काफी तेज थी और अचानक वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ा. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. झांसी SSP ने बताया कि हादसे में अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौत हुई है.
हादसे में तीन लोग घायल
पुलिस के अनुसार, हादसे में मोहम्मद जैद, उमर समेत तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है. हादसा किस वजह से हुआ और कार की रफ्तार कितनी थी, इसकी जांच की जा रही है.
अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटों में शामिल था अबान
अबान अहमद अतीक अहमद के पांच बेटों में सबसे छोटा था. उमेश पाल हत्याकांड के बाद अबान और उसके भाई अहजम को नाबालिग होने के कारण बाल संरक्षण गृह में रखा गया था. बाद में अक्टूबर 2023 में दोनों को रिहा कर उनकी बुआ की सुपुर्दगी में दिया गया था. अतीक अहमद के बड़े बेटे उमर और दूसरे बेटे अली अहमद जेल में बंद हैं, जबकि तीसरे नंबर का बेटा असद उमेश पाल हत्याकांड के मामले में पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है. चौथे नंबर का बेटा अहजम भी लंबे समय से चर्चा में रहा है.
2025 में वायरल वीडियो को लेकर आया था चर्चा में
अबान अहमद नवंबर 2025 में एक वायरल वीडियो को लेकर सुर्खियों में आया था. बताया गया था कि एक वैवाहिक समारोह के दौरान उसके वीडियो के बैकग्राउंड में धमकी भरा गाना बज रहा था. इस मामले में धूमनगंज थाने में केस दर्ज किया गया था. फिलहाल झांसी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.



