खूंटी डबल मर्डर: पति ने रची नेहा की हत्या की साजिश, मदद के लिए गए अरुण की भी ले ली जान
खूंटी डबल मर्डर मामले में नेहा के पति पर हत्या की साजिश रचने का आरोप है. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर स्कॉर्पियो बरामद की है, जबकि मुख्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है.

Khunti: खूंटी डबल मर्डर मामले में नेहा के पति पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है. परिजनों का दावा है कि बेटे को ससुराल से लाने पहुंची नेहा को रास्ते से अगवा कर उसकी हत्या कर दी गई. आरोप है कि इस वारदात में पति कुंदन प्रामाणिक के साथ अन्य लोग भी शामिल थे. नेहा के साथ गए पड़ोसी युवक अरुण राणा की भी हत्या कर शव तजना नदी पुल के नीचे फेंक दिया गया. पुलिस ने पति समेत अन्य के खिलाफ हत्या और अपहरण का मामला दर्ज किया है. घटना में इस्तेमाल होने की आशंका वाली स्कॉर्पियो बरामद हो चुकी है, जबकि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है.
बेटे को लेने ससुराल गई थी नेहा, लौटते वक्त हुआ विवाद
लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के चट्टी बड़गाईं गांव की रहने वाली नेहा अपनी छोटी बहन की शादी में बेटे को शामिल कराने के लिए पड़ोसी अरुण राणा के साथ ससुराल गई थी. परिजनों के मुताबिक, बच्चे को भेजने को लेकर नेहा और उसके पति कुंदन प्रामाणिक के बीच विवाद हुआ. आरोप है कि नेहा ने स्थानीय थाने में भी मदद मांगी, लेकिन लौटते समय पति अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो से पहुंचा और दोनों को जबरन अपने साथ ले गया.
अगली सुबह पुल के नीचे मिले दोनों के शव
शुक्रवार सुबह खूंटी थाना क्षेत्र के बारुडीह पंचायत स्थित तजना नदी पुल के नीचे नेहा और अरुण के शव बरामद हुए. सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. घटनास्थल से मिले एक शादी के कार्ड के आधार पर दोनों की पहचान हुई. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए हैं.
दहेज प्रताड़ना और दूसरी महिला से संबंध का आरोप
नेहा के पिता भोला ठाकुर का आरोप है कि शादी के बाद से उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और इस मामले में पहले भी शिकायत दर्ज कराई गई थी. उनका कहना है कि पारिवारिक विवाद के कारण नेहा पिछले तीन वर्षों से मायके में रह रही थी. परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि कुंदन प्रामाणिक का दूसरी महिला से संबंध था और इसी वजह से वह नेहा से छुटकारा पाना चाहता था. वहीं अरुण के परिजनों का कहना है कि वह केवल पड़ोसी होने के नाते नेहा की मदद के लिए गया था.
स्कॉर्पियो बरामद, आरोपियों की तलाश में छापेमारी
नेहा के पिता और अरुण के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने कुंदन प्रामाणिक समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज किया है. जांच के दौरान घटना में इस्तेमाल होने की आशंका वाली स्कॉर्पियो बरामद कर ली गई है. पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






Leave a comment