बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: बस - ट्रक भिड़ंत में 3 की मौत, 24 घायल
सोनौली से दिल्ली जा रही एक यात्री बस की आमने-सामने भिड़ंत एक ट्रक कंटेनर से हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से उसमें आग लग गई.

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में मंगलवार तड़के फुलवरिया बाईपास पर एक भयावह सड़क हादसा हो गया. सोनौली से दिल्ली जा रही एक यात्री बस की आमने-सामने भिड़ंत एक ट्रक कंटेनर से हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से उसमें आग लग गई. हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 24 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें से 5 की हालत नाजुक बताई जा रही है.
बस में करीब 27 यात्री सवार थे, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संख्या इससे कहीं अधिक - 60 से 62 - हो सकती है. सभी यात्री नेपाल के बताए जा रहे हैं और सोनौली बॉर्डर से दिल्ली की ओर जा रहे थे.
दुर्घटना देर रात करीब 2:15 बजे हुई. टक्कर के बाद बस में जोरदार धमाका हुआ और आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया. कई यात्रियों ने शीशे तोड़कर बाहर कूदकर अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. कड़ी मशक्कत के बाद बस और ट्रक में लगी आग पर काबू पाया गया. सभी घायलों को संयुक्त जिला चिकित्सालय बलरामपुर भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.
हादसे के कारण कुछ समय के लिए फुलवरिया बाईपास पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में दोनों वाहनों को हटाकर पुनः सुचारू कर दिया गया. पुलिस का कहना है कि तेज टक्कर के कारण वाहन के टैंक में आग लगी होगी. मामले की विस्तृत जांच जारी है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment