BJP SC मोर्चा को मजबूत बनाने पर जोर, रंजय भारती ने कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
BJP SC मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रंजय भारती का देवघर में भव्य स्वागत किया गया. इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता के दम पर झारखंड में फिर भाजपा सरकार बनने का दावा किया.

Deoghar: भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति (एससी) मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रंजय भारती के देवघर आगमन पर BJP जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया. इस दौरान जिला अध्यक्ष सचिन रवानी और एससी मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजेंद्र दास ने अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया. वहीं, प्रदेश प्रवक्ता शंकर रजक का भी कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया. स्वागत समारोह में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नए प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन को और मजबूत बनाने की उम्मीद जताई. इस अवसर पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकजुटता, मेहनत और समर्पण पर निर्भर करती है. उन्होंने विश्वास जताया कि रंजय भारती के नेतृत्व में एससी मोर्चा संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत होगा. वहीं, प्रदेश अध्यक्ष रंजय भारती ने कहा कि उनका देवघर आगमन कार्यकर्ताओं के बीच संगठन को मजबूत करने और पार्टी की गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से हुआ है. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और एकजुटता के बल पर झारखंड में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी. उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा के साथ संगठन के लिए काम करने की अपील की.
रंजय भारती ने जिला एवं मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की गतिविधियों की जानकारी ली. साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए संगठनात्मक कार्यों को तेज करने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में एससी मोर्चा की महत्वपूर्ण भूमिका है. कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सचिन रवानी, राजेंद्र दास, प्रदेश प्रवक्ता शंकर रजक, जिला महामंत्री सुनीता सिंह, सुलोचना देवी, ओंकार दास, पंकज सिंह भदौरिया, सचिन सुल्तानिया, धनंजय तिवारी, सावित्री देवी, विनीता पासवान, संतोष पासवान, अनीता पासवान, मंजू पासवान, प्रमोद दास और अशोक दास सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

