दलेर मेहंदी विवाद: ‘माफी मांगने का सवाल ही नहीं’, मंत्री सुबोध उनियाल ने मीका सिंह के दावे को बताया गलत
दलेर मेहंदी विवाद में मंत्री सुबोध उनियाल ने मीका सिंह के माफी वाले दावे को खारिज कर दिया है. जानिए कुंजापुरी मेले में हुए विवाद पर मंत्री ने क्या कहा.

Daler Mehndi Controversy:- उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में सिंगर दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. मामले में अब उत्तराखंड सरकार के मंत्री सुबोध उनियाल का बयान सामने आया है. उन्होंने उन दावों को खारिज कर दिया है, जिनमें कहा गया था कि उन्होंने दलेर मेहंदी से माफी मांग ली है. मंत्री ने साफ कहा कि उनके लिए माफी मांगने का कोई सवाल ही नहीं उठता.
सुबोध उनियाल बोले- मैंने कौन सा अपराध किया है?
दलेर मेहंदी विवाद को लेकर एक इंटरव्यू में जब मंत्री सुबोध उनियाल से पूछा गया कि क्या उन्होंने सिंगर से माफी मांगी है, तो उन्होंने इस बात से इनकार कर दिया. मंत्री ने कहा, “मेरा माफी मांगने का प्रश्न ही नहीं है. ये बताओ, मैंने कोई अपराध किया है जो माफी मांगू?” उनके इस बयान से साफ है कि फिलहाल इस विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद खत्म नहीं हुए हैं. इससे पहले मीका सिंह की टीम की ओर से दावा किया गया था कि मंत्री ने दलेर मेहंदी से माफी मांग ली है. हालांकि, सुबोध उनियाल ने इस दावे को गलत बताया है.
दलेर मेहंदी की तबीयत पर भी उठाए सवाल
मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी की तबीयत को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी. उनका कहना है कि अगर सिंगर की तबीयत खराब थी, तो उन्हें कार्यक्रम में शामिल नहीं होना चाहिए था. अगर वह कार्यक्रम में पहुंचे भी थे, तो उन्हें आयोजकों और वहां मौजूद लोगों को अपनी तबीयत के बारे में पहले ही जानकारी दे देनी चाहिए थी. मंत्री ने कहा कि किसी व्यक्ति की तबीयत खराब है या नहीं, यह उसके चेहरे से पता नहीं चलता. ऐसे में कलाकार की जिम्मेदारी थी कि वह अपनी स्थिति के बारे में आयोजकों को पहले से बता देते.
दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस पर भी उठाए सवाल
सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस को लेकर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने आरोप लगाया कि सिंगर को कार्यक्रम के लिए पैसे दिए गए थे, लेकिन उनकी प्रस्तुति दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी.मंत्री ने यह भी सवाल किया कि आखिर इस पूरे मामले में गलती किसकी है और माफी किसे मांगनी चाहिए. उनके मुताबिक, माफी उसी व्यक्ति को मांगनी चाहिए, जिसने गलती की हो.
क्या है दलेर मेहंदी और सुबोध उनियाल का पूरा विवाद?
यह पूरा मामला उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस के दौरान शुरू हुआ था. कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने सिंगर की प्रस्तुति पर सवाल उठाए थे. उन्होंने आरोप लगाया था कि दलेर मेहंदी ठीक से परफॉर्म नहीं कर रहे थे, शराब पीकर आए थे और लिप-सिंक कर रहे थे. इन आरोपों के बाद विवाद बढ़ गया. दलेर मेहंदी के भाई और सिंगर मीका सिंह उनके समर्थन में सामने आए और मंत्री से माफी मांगने की मांग की. इसके बाद मामले को शांत कराने के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दलेर मेहंदी और मीका सिंह से बातचीत की थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने मंत्री की ओर से माफी मांगी थी. हालांकि, अब सुबोध उनियाल के ताजा बयान ने विवाद को फिर चर्चा में ला दिया है. मंत्री ने खुद माफी मांगने से इनकार किया है, जबकि इससे पहले माफी मांगे जाने का दावा किया गया था. ऐसे में दलेर मेहंदी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच बयानबाजी एक बार फिर तेज होती नजर आ रही है.

