पत्रकार अभिषेक भारती की हिरासत में पिटाई का आरोप, बाबूलाल मरांडी ने हाईकोर्ट और NHRC से की हस्तक्षेप की मांग

भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग के कथित यौन शोषण मामले में खबर सामने लाने वाले पत्रकार पर पुलिस ने दर्ज किया था केस; अदालत में बेहोश होने, तलवों पर लाठी मारने और तीन पत्रकारों के मोबाइल से वीडियो डिलीट करने का भी आरोप
रांची। झारखंड के सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग युवती के कथित यौन शोषण का मामला अब एक नए विवाद में घिर गया है. इस मामले को अपने डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामने लाने वाले पत्रकार अभिषेक भारती के साथ पुलिस हिरासत में कथित मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगा है. नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने इस पूरे घटनाक्रम पर गंभीर चिंता जताते हुए झारखंड हाईकोर्ट और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) से स्वतः संज्ञान लेने की मांग की है. उन्होंने आरोपों की स्वतंत्र जांच कराने और हिरासत से लेकर अस्पताल पहुंचने तक के सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की अपील की है.
मरांडी ने 27 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर दावा किया कि उन्हें सिमडेगा के स्थानीय लोगों से पत्रकार के साथ पुलिसिया बर्बरता की जानकारी मिली है. हालांकि, उन्होंने खुद स्पष्ट किया है कि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी बाकी है. उनके मुताबिक, पाकरटांड़ थाना पुलिस ने अभिषेक भारती पर अदालत में अपनी मर्जी के मुताबिक बयान देने का दबाव बनाया और इसके लिए उनके साथ घंटों मारपीट की गई.
तलवों पर लाठी और हाथों में पेंसिल फंसाकर पीटने का आरोप
बाबूलाल मरांडी को मिली जानकारी के मुताबिक, 26 नवंबर की रात से 27 नवंबर की दोपहर करीब तीन बजे तक अभिषेक भारती के साथ रुक-रुककर मारपीट की गई. आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके तलवों पर बार-बार लाठियां मारीं. उंगलियों के बीच पेंसिल फंसाकर हाथों पर प्रहार किया गया और उन्हें मुंह के बल लिटाकर पीटा गया. कथित तौर पर पुलिसकर्मी लगातार उन पर अदालत में वही बयान देने का दबाव बना रहे थे, जो पुलिस चाहती थी.
मरांडी ने यह भी दावा किया कि लगातार पिटाई से परेशान होकर अभिषेक ने पुलिस से गुहार लगाई कि उनसे जो लिखवाना है लिखवा लिया जाए, यहां तक कि सादे कागज पर हस्ताक्षर भी करा लिए जाएं, लेकिन मारपीट बंद कर दी जाए. इसके बाद उनके बेहोश होने की बात कही गई है. मरांडी ने हिरासत के दौरान अभिषेक से लिए गए सभी हस्ताक्षरों और दस्तावेजों की भी जांच कराने की मांग की है.
अदालत में बेहोश होकर गिरने और अस्पताल ले जाने में देरी का दावा
बाबूलाल मरांडी ने पत्रकार की अदालत में पेशी को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं. उनके अनुसार, जब अभिषेक को रिमांड के लिए सिमडेगा न्यायालय लाया गया, तब वह अपने पैरों पर चलने की स्थिति में नहीं थे. आरोप है कि चार पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर न्यायिक दंडाधिकारी के सामने ले गए, जहां वह बेहोश होकर गिर पड़े.
मरांडी को मिली जानकारी के मुताबिक, न्यायालय ने उनकी हालत देखते हुए तत्काल अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया था. इसके बावजूद पुलिस पहले उन्हें सिमडेगा टाउन थाना ले गई और बाद में सदर अस्पताल पहुंचाया. मरांडी ने कहा है कि उन्हें मिली अंतिम सूचना के अनुसार अभिषेक अस्पताल में अचेत अवस्था में थे. हालांकि, उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है.
तीन पत्रकारों के मोबाइल से वीडियो डिलीट करने का भी आरोप
इस पूरे मामले में तीन अन्य पत्रकारों के साथ कथित पुलिस कार्रवाई का मामला भी सामने आया है. मरांडी के मुताबिक, न्यायालय परिसर में अभिषेक की हालत का वीडियो बना रहे तीन पत्रकारों को टाउन थाना ले जाया गया. आरोप है कि उनके मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर करीब चार घंटे तक थाने में बैठाया गया और रिकॉर्ड किए गए वीडियो डिलीट करने के बाद उन्हें छोड़ा गया.
मरांडी ने सिमडेगा एसपी से सवाल किया है कि अभिषेक को हिरासत में लेते समय उनकी शारीरिक स्थिति क्या थी और अदालत में पेशी के दौरान उनकी हालत कैसी थी. उन्हें किस समय सदर अस्पताल पहुंचाया गया और पेशी के बाद टाउन थाना ले जाने की वजह क्या थी. उन्होंने स्टेशन डायरी, थाने के सीसीटीवी फुटेज, न्यायालय के रिकॉर्ड और अस्पताल के मेडिकल रजिस्टर के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कराने की मांग की है.
भूषण बाड़ा प्रकरण में पहले भी हुई थी पत्रकार की गिरफ्तारी
गौरतलब है कि सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा पर एक 14 वर्षीय नाबालिग ने यौन शोषण का आरोप लगाया था. इस मामले में रांची के धुर्वा थाना में पॉक्सो एक्ट और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. नाबालिग ने आरोप लगाया था कि उसे पढ़ाई और स्कूल में दाखिले का भरोसा देकर सिमडेगा से रांची लाया गया और विधायक के आवास पर उसके साथ कथित यौन शोषण किया गया.
इस मामले में नया मोड़ तब आया, जब नाबालिग के दादा ने पाकरटांड़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पत्रकार अभिषेक भारती और पूर्व कांग्रेसी नेता दिलीप तिर्की पर युवती का अपहरण करने और विधायक के खिलाफ झूठा बयान देने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया. इसी कांड संख्या 25/2026 में पुलिस ने पहले दिलीप तिर्की को गिरफ्तार किया और फिर 25 नवंबर को जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके से अभिषेक भारती को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, दोनों पर नाबालिग को डराने-धमकाने और गलत बयान दिलवाने का आरोप है.
इस बीच, पुलिस के अनुसार नाबालिग ने अदालत में बीएनएसएस की धारा 183 के तहत दर्ज बयान में अपने पहले के आरोप वापस लेते हुए अलग बयान दिया था. उसने राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) के समक्ष भी अलग विवरण दिया था. वहीं, विधायक के खिलाफ दर्ज मूल मामले को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग पहले ही स्वतः संज्ञान लेकर झारखंड के डीजीपी से सात दिनों में कार्रवाई रिपोर्ट मांग चुका है.
अब अभिषेक भारती की हिरासत में कथित प्रताड़ना के आरोपों ने पूरे प्रकरण को और गंभीर बना दिया है. बाबूलाल मरांडी ने स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से पत्रकार की जांच कराने, संबंधित थानों और न्यायालय परिसर के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने तथा आरोपों की न्यायिक निगरानी में जांच कराने की मांग की है. उन्होंने स्पष्ट कहा है कि यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की भूमिका सामने आती है, तो उसके पद और प्रभाव की परवाह किए बिना कानूनसम्मत कार्रवाई होनी चाहिए.
संबंधित ख़बरें
और CRIME ख़बरेंईपीएफ के पांच करोड़ बकाये और वेतन बढ़ोतरी पर भड़के सफाईकर्मी, नगर आयुक्त को दिया एक सप्ताह का अल्टीमेटम
आधुनिक तकनीकों से अपडेट रहना दंत चिकित्सकों के लिए जरूरी : डॉ. राजीव रंजन
सारठ मुख्य मार्ग पर बेकाबू कार पेड़ से टकराई, महिला की मौके पर मौत

CM हेमंत सोरेन से गोड्डा के दिव्यांग छात्र मो. फैजानुल्लाह ने की मुलाकात, शिक्षा के प्रति जज्बा और दृढ़ इच्छाशक्ति की सराहना

तकनीकी हुनर से संवरेगा देवघर के युवाओं का भविष्य, 100 अभ्यर्थी प्रशिक्षण के लिए रांची रवाना

संविधान के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र की प्रगति में दें योगदान : उपायुक्त


