तीनपहाड़ में घर से संदिग्ध अवस्था में 47 वर्षीय महिला का शव बरामद, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
साहिबगंज के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र स्थित कडमबाटोला गांव में बुधवार को 47 वर्षीय होपन सोरेन उर्फ रुदनी सोरेन का शव उनके घर से संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ. मृतका के मायके वालों ने पारिवारिक विवाद को लेकर हत्या की आशंका जताई है. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

साहिबगंज:- तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के वृंदावन पंचायत अंतर्गत कडमबाटोला गांव में बुधवार को एक 47 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. महिला का शव उसके घर से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान होपन सोरेन उर्फ रुदनी सोरेन (47 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलने पर तीनपहाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शव का पंचनामा तैयार किया. वहीं, मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने उसकी मौत को सामान्य नहीं मानते हुए हत्या की आशंका जताई है. उन्होंने मृतका के बेटे और बहू के साथ पुराने पारिवारिक विवाद को घटना की वजह बताया है. हालांकि, पुलिस ने फिलहाल किसी पर आरोप की पुष्टि नहीं की है. अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
भैंस चराकर घर लौटी थी महिला
मिली जानकारी के अनुसार, कडमबाटोला गांव निवासी होपन सोरेन उर्फ रुदनी सोरेन मंगलवार को भैंस चराकर घर लौटी थी. इसके बाद वह अपने घर में सोने चली गई. उस रात घर में क्या हुआ, इसकी जानकारी फिलहाल किसी को नहीं है. बुधवार सुबह महिला का बेटा विष्णु बेसरा जब घर पहुंचा तो उसने अपनी मां को मृत अवस्था में पड़ा देखा. मां की मौत देखकर वह घबरा गया और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई.
मेला देखने गया हुआ था महिला का बेटा
बताया जाता है कि घटना वाली रात मृतका का बेटा विष्णु बेसरा घर पर मौजूद नहीं था. वह कल्याणचक में आयोजित मेला देखने गया हुआ था. बुधवार सुबह घर लौटने पर उसे अपनी मां की मौत की जानकारी मिली. इसके बाद स्थानीय लोगों के माध्यम से घटना की सूचना पुलिस तक पहुंची. महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं.
सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत, एएसआई प्रदीप यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घर और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया तथा आवश्यक जानकारी जुटाई. मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को भी दी गई. वहीं, राजमहल पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया.
मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका
महिला की मौत के बाद उसके मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि मृतका का अपने बेटे और बहू के साथ अक्सर विवाद होता रहता था. मायके वालों के अनुसार, बेटे के यहां संतान नहीं होने को लेकर परिवार में अंधविश्वास और आपसी तनाव की स्थिति बनी हुई थी. आरोप है कि मृतका की बहू और बेटे को लगता था कि उसकी मां द्वारा कथित जादू-टोना किए जाने के कारण उन्हें संतान सुख नहीं मिल रहा है. इसी पारिवारिक विवाद को आधार बनाकर मायके पक्ष के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है. हालांकि, ये सभी आरोप फिलहाल जांच के दायरे में हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की. राजमहल पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. फिलहाल मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहना संभव नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच से ही पता चल सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई.

