देवघर के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच पर लहराया परचम, झारखंड को मिले तीन पदक
देवघर के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है. लॉन बाउल्स चैंपियनशिप में झारखंड को एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक मिला. वहीं, थाईलैंड में रक्षित चंद्र झा ने योग प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया.

Deoghar: देवघर के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है. ओडिशा के बलांगीर में 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित छठी अंडर-25 नेशनल लॉन बाउल्स चैंपियनशिप में देवघर के खिलाड़ियों ने झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए कुल तीन पदक हासिल किए. प्रतियोगिता में सूरज कुमार केशरी ने स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया. वहीं, सोनी कुमारी गुप्ता ने अंडर-25 एकल स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया. इसके अलावा करण कुमार ने अंडर-25 मिक्स्ड पेयर्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर झारखंड की पदक तालिका में इजाफा किया. खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है.
थाईलैंड में रक्षित चंद्र झा ने योग प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक
देवघर के खिलाड़ी रक्षित चंद्र झा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर भारत और जिले का गौरव बढ़ाया है. थाईलैंड में वर्ल्ड फेडरेशन फॉर योग स्पोर्ट्स (डब्ल्यूएफएफवाईएस) एशिया पैसिफिक की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग प्रतियोगिता में रक्षित ने सब-जूनियर ट्रेडिशनल योग और आर्टिस्टिक योग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन किया. वहीं, देवघर के आलोक कुमार ने भी अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई. उनका चयन कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में तकनीकी पदाधिकारी के रूप में हुआ था. अहमदाबाद में 21 से 31 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत समेत 14 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण जियो हॉटस्टार पर भी किया गया.
उपायुक्त ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित, बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का दिया भरोसा
खिलाड़ियों की इन उपलब्धियों पर बुधवार को देवघर के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने सभी प्रतिभावान खिलाड़ियों और तकनीकी पदाधिकारियों से मुलाकात की. उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. उपायुक्त ने कहा कि देवघर में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. यहां के युवा अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं. जिला प्रशासन खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा. उन्होंने जिला खेल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आवश्यक संसाधन और सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करें, ताकि वे भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकें.

