दिवाली पर झारखंड को केंद्र की सौगात, करों में हिस्सेदारी के तौर पर मिले 3,660 करोड़ रुपये
दिवाली से पहले केंद्र सरकार ने झारखंड को केंद्रीय करों में हिस्सेदारी के रूप में 3,660 करोड़ रुपये जारी किए हैं. सभी राज्यों को कुल 1.09 लाख करोड़ रुपये की राशि दी गई है. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने उम्मीद जताई कि इससे राज्यों के विकास कार्यों और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी.

Ranchi News:- दिवाली के त्योहार से पहले केंद्र सरकार ने झारखंड को बड़ी आर्थिक सौगात दी है. केंद्रीय करों में हिस्सेदारी के रूप में राज्य को 3,660 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं. चालू वित्तीय वर्ष में यह दूसरी अतिरिक्त किस्त है, जिसे केंद्र सरकार ने त्योहारों के उपलक्ष्य में जारी किया है. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राज्यों को करों में हिस्सेदारी की राशि जारी किए जाने की जानकारी दी. इस बार देश के सभी राज्यों के लिए कुल 1.09 लाख करोड़ रुपये की राशि विमुक्त की गई है. इसमें झारखंड के हिस्से में 3,660 करोड़ रुपये आए हैं.
विकास कार्यों को मिलेगी गति
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने उम्मीद जताई कि केंद्र से जारी इस अतिरिक्त राशि से राज्यों को विकास कार्यों में तेजी लाने में मदद मिलेगी. इसके साथ ही राज्यों में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.झारखंड सरकार इस राशि का इस्तेमाल राज्य की विकास योजनाओं और अन्य जरूरी खर्चों के लिए कर सकेगी. त्योहारों के समय जारी की गई इस अतिरिक्त राशि से राज्य को वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.

