धनबाद में रिश्तों का कत्ल! दो माह के मासूम की मौत, पिता पर गला दबाकर हत्या का सनसनीखेज आरोप
धनबाद के झरिया इलाके से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां दो माह के मासूम बेटे की मौत के बाद पिता पर हत्या का आरोप लगा है. मां ने शिकायत में कहा कि पति बच्चा अपना नहीं मानता था और गला दबाकर हत्या की. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.

Dhanbad: धनबाद जिले के झरिया थाना क्षेत्र के लोदना ओपी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत और पारिवारिक रिश्तों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां एक पिता पर अपने ही दो माह के मासूम बेटे की हत्या का आरोप लगा है. मृतक की मां ने अपने पति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. महिला का दावा है कि शादी के बाद से ही पति का व्यवहार हिंसक था और बच्चे के जन्म के बाद हालात और बिगड़ गए. आरोप है कि पति बच्चे को अपना मानने से इनकार करता था और उसे मारने की धमकी तक देता था. अब नवजात की मौत के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और हर कोई सच जानने की प्रतीक्षा कर रहा है.
मां ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़िता मुस्कान के अनुसार, उसकी शादी चंचल कुमार से पिछले वर्ष फरवरी में हुई थी. शादी के कुछ समय बाद से ही पति के साथ उसका विवाद शुरू हो गया था, जो कई बार मारपीट तक पहुंच गया. दिसंबर में बेटे के जन्म के बाद विवाद और गहरा गया. महिला का आरोप है कि उसका पति बच्चे को अपना नहीं मानता था और बार-बार गर्भपात कराने का दबाव बनाता रहा. महिला ने बताया कि घटना वाली रात भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था. इसके बाद वह बच्चे को दूध पिलाकर सुला दी और खुद भी सो गई. कुछ समय बाद जब उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि बच्चे की हालत बेहद खराब थी और उसकी नाक से खून निकल रहा था. घबराकर वह तुरंत बच्चे को झरिया अस्पताल ले गई, जहां से उसे धनबाद रेफर कर दिया गया. धनबाद पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
मां का आरोप है कि झगड़े के बाद जब घर के सभी लोग सो गए थे, उसी दौरान उसके पति ने बच्चे का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. शिकायत मिलने के बाद लोदना ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके. लोदना ओपी प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि महिला ने अपने पति पर दो माह के पुत्र की हत्या का आरोप लगाया है. फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग स्तब्ध हैं कि आखिर एक पिता पर ऐसा आरोप कैसे लगा.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment