17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित, खेल रत्न इस बार किसी को नहीं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 के तहत 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया. इस बार किसी खिलाड़ी को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार नहीं मिला. इसके अलावा कोचों और आर्मी पैरालंपिक नोड को भी सम्मानित किया गया.

National Sports Awards 2025:- भारतीय खेल जगत के लिए शुक्रवार का दिन सम्मान और उपलब्धियों के नाम रहा. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 प्रदान किए. इस दौरान 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया. वहीं, इस साल देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए किसी भी खिलाड़ी का चयन नहीं हुआ. वर्ष 2014 के बाद यह पहला मौका है, जब किसी खिलाड़ी को खेल रत्न पुरस्कार नहीं दिया गया है. करीब 36 मिनट तक चले समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और खेल सचिव हरि रंजन राव समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. पुरस्कार विजेताओं का चयन सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली समिति की सिफारिशों के आधार पर किया गया था. खेल मंत्रालय ने 18 अगस्त को विजेताओं की सूची जारी की थी.
दिव्या देशमुख, तेजस्विन शंकर और प्रियंका गोस्वामी को मिला सम्मान
अर्जुन पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों में विश्व कप विजेता शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख, शतरंज खिलाड़ी विदित गुजराती, एथलीट तेजस्विन शंकर और प्रियंका गोस्वामी प्रमुख हैं. इसके अलावा बैडमिंटन खिलाड़ी ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद, मुक्केबाज नरेंद्र, हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल और लालरेमसियामी को भी सम्मानित किया गया.
अर्जुन पुरस्कार पाने वाले 17 खिलाड़ियों की पूरी सूची
खिलाड़ी | खेल |
|---|---|
तेजस्विन शंकर | एथलेटिक्स |
मोहम्मद अजमल वी | एथलेटिक्स |
प्रियंका गोस्वामी | एथलेटिक्स |
ट्रीसा जॉली | बैडमिंटन |
गायत्री गोपीचंद | बैडमिंटन |
नरेंद्र बेरवाल | मुक्केबाजी |
विदित गुजराती | शतरंज |
दिव्या देशमुख | शतरंज |
धनुष श्रीकांत | बधिर निशानेबाजी |
लालरेमसियामी | हॉकी |
राजकुमार पाल | हॉकी |
सुरजीत | कबड्डी |
पूजा | कबड्डी |
रुद्रांश खंडेलवाल | पैरा शूटिंग |
एकता भ्यान | पैरा एथलेटिक्स |
अरविंद सिंह | रोइंग |
अखिल शेरोन | निशानेबाजी |
आई. अरुमैनायगम |
|---|
आई. अरुमनायगम को अर्जुन लाइफटाइम पुरस्कार
वर्ष 1962 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय फुटबॉल टीम के सदस्य आई. अरुमनायगम को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम अचीवमेंट) से सम्मानित किया गया. यह सम्मान खेल में लंबे समय तक योगदान देने वाले खिलाड़ियों को दिया जाता है.
पांच कोचों को मिला द्रोणाचार्य पुरस्कार
कोचिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पांच प्रशिक्षकों को द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया गया. नियमित श्रेणी में परवीर सिंह (एथलेटिक्स), छोटे लाल यादव (मुक्केबाजी) और नेहा नंदकुमार चव्हाण (निशानेबाजी) को सम्मान मिला.वहीं, लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में धर्मेंद्र सिंह यादव (मुक्केबाजी) और वीरेंद्र कुमार (कुश्ती) को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
आर्मी पैरालंपिक नोड को मिला राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार
पुणे स्थित आर्मी पैरालंपिक नोड को खेलों के विकास और प्रोत्साहन में महत्वपूर्ण योगदान के लिए राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया. लेफ्टिनेंट कर्नल दलजीत सिंह ने राष्ट्रपति के हाथों यह सम्मान प्राप्त किया. गौरतलब है कि अर्जुन पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 1961 में हुई थी. इस पुरस्कार के तहत विजेता खिलाड़ी को 15 लाख रुपये की नकद राशि, अर्जुन की कांस्य प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है. वहीं, द्रोणाचार्य पुरस्कार की शुरुआत 1985 में हुई थी. इसके माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों को तैयार करने वाले उत्कृष्ट प्रशिक्षकों को सम्मानित किया जाता है.

