कोल्ड ड्रिंक मार्केट में मचेगा तूफान? झारखंड की कंपनी की बड़ी तैयारी, ओरमांझी में शुरू हुआ नया प्लांट
रांची के ओरमांझी में नए बेवरेज प्लांट की शुरुआत हुई है. कंपनी की योजना पहले झारखंड के बाजार में अपने उत्पादों की सप्लाई करने और इसके बाद दूसरे राज्यों तक कारोबार का विस्तार करने की है. जानिए प्लांट, कंपनी की रणनीति और बाजार में मिलने वाली चुनौतियों से जुड़ी पूरी जानकारी.

Ranchi News:- झारखंड की माटी से निकली कंपनी अब बेवरेज इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने की तैयारी में है. रांची के ओरमांझी में फ्रूट फ्यूजन प्राइवेट लिमिटेड की पहल पर नया बेवरेज प्लांट शुरू किया गया है. कंपनी की योजना शुरुआती चरण में झारखंड में उत्पादों की सप्लाई करने और इसके बाद देश के दूसरे राज्यों तक कारोबार का विस्तार करने की है.
कोल्ड ड्रिंक और बेवरेज के बाजार में लंबे समय से स्थापित राष्ट्रीय और विदेशी ब्रांड्स की मजबूत मौजूदगी रही है. ऐसे में झारखंड में शुरू हुई एक नई औद्योगिक पहल ने इस क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है. रिंग रोड स्थित विकास चौक, ओरमांझी के समीप नवनिर्मित बेवरेज प्लांट वर्सेटाइल रिफ्रेशमेंट वेंचर का बुधवार को उद्घाटन किया गया.
प्लांट का उद्घाटन निदेशक विवेक अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, नूतन सिन्हा और सुप्रीत सुमन सहित अन्य सदस्यों ने संयुक्त रूप से किया. इस प्लांट में विभिन्न प्रकार के बेवरेज का निर्माण किया जाएगा.
झारखंड से शुरुआत, देशभर में विस्तार का लक्ष्य
कंपनी के निदेशक विवेक अग्रवाल ने बताया कि शुरुआती चरण में प्लांट में तैयार उत्पादों की सप्लाई झारखंड के बाजार में की जाएगी. इसके बाद कारोबार का विस्तार करते हुए देश के अन्य राज्यों में भी उत्पादों की आपूर्ति शुरू करने की योजना है.
कंपनी का लक्ष्य गुणवत्ता और कीमत के आधार पर बाजार में अपनी अलग पहचान बनाना है. हालांकि, स्थापित ब्रांड्स के बीच अपनी जगह बनाना कंपनी के लिए एक बड़ी चुनौती होगी.
स्वच्छता और गुणवत्ता पर विशेष जोर
प्लांट प्रबंधन के अनुसार, उत्पादन के दौरान स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जाएगा. कंपनी उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद उचित कीमत पर उपलब्ध कराने पर जोर देगी. प्रबंधन का कहना है कि उत्पादों की गुणवत्ता से समझौता किए बिना उन्हें किफायती दर पर बाजार में उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा.
झारखंड की माटी से राष्ट्रीय बाजार तक का सफर
जल, जंगल और जमीन के लिए पहचाने जाने वाले झारखंड में स्थानीय स्तर पर उद्योगों के विकास की संभावनाओं के बीच ओरमांझी में शुरू हुआ यह प्लांट एक नई पहल है. अब कंपनी की नजर राष्ट्रीय बाजार पर है.
आने वाले समय में कंपनी अपने उत्पादों की गुणवत्ता, कीमत और वितरण व्यवस्था के दम पर कितनी मजबूत पहचान बना पाती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा. फिलहाल, झारखंड से शुरू हुई इस पहल ने बेवरेज इंडस्ट्री में विस्तार की दिशा में अपना पहला कदम बढ़ा दिया है.


