रांची के विकास को मिलेगी नई रफ्तार? महापौर रोशनी खलखो ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मांगा सहयोग
नई दिल्ली में हुई मुलाकात के दौरान सड़क, जल निकासी, स्वच्छता, हरित क्षेत्र और आधुनिक शहरी आधारभूत संरचना के विकास पर हुई चर्चा, केंद्रीय मंत्री ने हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा।

Ranchi: राजधानी रांची के समग्र और सुनियोजित विकास को लेकर रांची नगर निगम की महापौर रोशनी खलखो और उपमहापौर नीरज कुमार ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई.
बैठक में महापौर रोशनी खलखो ने रांची की तेजी से बढ़ती आबादी और शहरी जरूरतों का जिक्र करते हुए कहा कि शहर के संतुलित विकास के लिए केंद्र सरकार का सहयोग बेहद जरूरी है. उन्होंने बेहतर सड़क नेटवर्क, प्रभावी जल निकासी व्यवस्था, स्वच्छता, हरित क्षेत्रों के विस्तार और पर्यावरण-अनुकूल आधारभूत संरचना के विकास के लिए केंद्र से सहयोग का आग्रह किया. महापौर ने कहा कि रांची को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है. उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों सरकारों के संयुक्त प्रयासों से रांची को एक स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल शहर के रूप में विकसित किया जा सकता है.
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रांची के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने नगर के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. इस मुलाकात को रांची के शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. उम्मीद जताई जा रही है कि केंद्र सरकार के सहयोग से आने वाले समय में शहर में बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए नई परियोजनाओं को गति मिल सकती है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts
रामगढ़ में जमीन विवाद ने ली सरकारी अधिकारी की जान, गिरिडीह के रजिस्ट्रार की पीट-पीटकर हत्या
रिम्स जमीन फर्जीवाड़ा मामला: लबली देवी की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई, ACB से मांगी गई केस डायरी





Leave a comment