उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन कल देवघर आएंगे, एम्स के दीक्षांत समारोह और सैन्य मेले में होंगे शामिल
देवघर में शनिवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन पहुंचेंगे. वे एम्स देवघर के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद दर्दमारा स्थित पीडी हिंदुजा अस्पताल परिसर में आयोजित सैन्य मेले के समापन समारोह में शिरकत करेंगे. उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है.

Deoghar: देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को देवघर पहुंचेंगे. उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा सहित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उपराष्ट्रपति सुबह करीब 10 बजे देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. यहां से वे सीधे एम्स देवघर रवाना होंगे, जहां आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे. इस दौरान झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है. एम्स में कार्यक्रम के बाद उपराष्ट्रपति दोपहर करीब 12 बजे दर्दमारा स्थित पीडी हिंदुजा अस्पताल परिसर में आयोजित दो दिवसीय सैन्य मेले के समापन समारोह में शिरकत करेंगे.
एयरपोर्ट से एम्स और दर्दमारा तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर शुक्रवार, 9 अक्टूबर को देवघर एयरपोर्ट से एम्स और दर्दमारा स्थित पीडी हिंदुजा अस्पताल तक सुरक्षा व्यवस्था का मॉक ड्रिल किया गया. इस दौरान काफिले की आवाजाही, निर्धारित मार्गों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का अभ्यास किया गया. विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ संबंधित अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया, ताकि उपराष्ट्रपति के आवागमन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.
सैन्य मेले के समापन समारोह में होंगे शामिल
दर्दमारा स्थित पीडी हिंदुजा अस्पताल परिसर में 9 और 10 अक्टूबर को आयोजित सैन्य मेले का समापन शनिवार को होगा. इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय सेना और आम नागरिकों के बीच संपर्क मजबूत करना है. मेले में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों पर भी जोर दिया जा रहा है. कार्यक्रमों में उपराष्ट्रपति और राज्यपाल की भागीदारी को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क है. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उपराष्ट्रपति दोपहर करीब दो बजे देवघर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो सकते हैं.

