खूंटी में आदिवासी नेता व पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या, आज खूंटी बंद का आह्वान
जिले में आदिवासी नेता सह पड़हा राजा सोमा मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना खूंटी थाना क्षेत्र के जमुआदाग गांव के पास हुई, जहां बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं.

Khunti: जिले में आदिवासी नेता सह पड़हा राजा सोमा मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना खूंटी थाना क्षेत्र के जमुआदाग गांव के पास हुई, जहां बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं. इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
पत्नी के सामने हुई वारदात
मिली जानकारी के अनुसार, सोमा मुंडा अपनी पत्नी के साथ बाइक से खूंटी से अपने गांव चलांगी लौट रहे थे. जैसे ही वे जमुआदाग स्थित तालाब के पास पहुंचे, पीछे से एक बाइक पर सवार दो लोग आए और ओवरटेक कर दो राउंड गोली चला दी. एक गोली सोमा मुंडा के सीने में लगी. गंभीर रूप से घायल सोमा मुंडा ने बाइक रोककर खूंटी की ओर जाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही दूरी पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. वारदात के बाद हमलावर मंदरूटोली की ओर फरार हो गए.
पत्नी ने दी पुलिस को सूचना
सोमा मुंडा की पत्नी ने बताया कि घटना के बाद वे कुछ दूरी तक ट्रैक्टर से गईं और फिर ऑटो पकड़कर खूंटी थाना पहुंचीं, जहां पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, जांच टीम गठित
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सोमा मुंडा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. डीएसपी वरुण रजक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हत्याकांड की जांच के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है.
आदिवासी समुदाय में आक्रोश, खूंटी बंद का ऐलान
सोमा मुंडा स्थानीय आदिवासी समाज के प्रमुख नेता थे और पड़हा राजा के रूप में उनकी विशेष पहचान थी. वे झारखंड पार्टी के जुझारू नेता, शिक्षाविद और आदिवासी समन्वय समिति, खूंटी जिला के संयोजक भी थे. उनकी हत्या से आदिवासी समुदाय में भारी आक्रोश है.
आदिवासी समन्वय समिति ने इस घटना को सामाजिक और राजनीतिक हत्या बताते हुए विरोध दर्ज कराया है. समिति की ओर से 8 जनवरी 2026 (गुरुवार) को खूंटी बंद का आह्वान किया गया है. वहीं पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और जल्द दोषियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts
“जगन्नाथ के भात, जगत पसारे हाथ; मत पूछो जात-पात...”– राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कदमा में किया जगन्नाथ मंदिर का शिलान्यास




Leave a comment