साहिबगंज: UPI भुगतान पर 0.4 प्रतिशत शुल्क के विरोध में व्यापारियों ने रखा उपवास
यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत शुल्क के विरोध में साहिबगंज के व्यापारियों ने चैंबर ऑफ कॉमर्स के नेतृत्व में एक घंटे का उपवास रखा. व्यापारियों ने शुल्क को अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की.

Sahebganj: UPI भुगतान पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत शुल्क के विरोध में शुक्रवार को चैंबर ऑफ कॉमर्स के तत्वावधान में व्यापारियों ने एक घंटे का उपवास रखकर अपनी नाराजगी जाहिर की. शहर के गांधी चौक स्थित जिनके परिसर में सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम का नेतृत्व व्यापारी राजेश अग्रवाल ने किया. इस दौरान व्यापारियों ने UPI भुगतान पर प्रस्तावित शुल्क को व्यापारियों और ग्राहकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की. व्यापारियों का कहना था कि डिजिटल भुगतान आज कारोबार का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है. ऐसे में UPI लेनदेन पर शुल्क लगाने से व्यापारियों की लागत बढ़ेगी और इसका सीधा असर ग्राहकों पर भी पड़ सकता है. उपवास के माध्यम से व्यापारियों ने सरकार और संबंधित संस्थाओं तक अपनी आवाज पहुंचाने का प्रयास किया. उन्होंने प्रस्तावित शुल्क को वापस लेने और डिजिटल भुगतान को शुल्क मुक्त बनाए रखने की मांग उठाई.



