रांची के सबसे सुरक्षित इलाके में 1 करोड़ की चोरी! फायरिंग के बाद मचा हड़कंप
रांची के हाई-प्रोफाइल अशोक नगर में देर रात चोरी की बड़ी वारदात के बाद फायरिंग से हड़कंप मच गया. बदमाश एक घर से करोड़ों के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए, जबकि दूसरे घर में चोरी की कोशिश के दौरान सुरक्षा कर्मी गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है.

Ranchi: राजधानी रांची के हाई-प्रोफाइल रिहायशी इलाके अशोक नगर में बुधवार देर रात हुई घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. देर रात करीब दो बजे बदमाशों ने पहले एक बड़े कारोबारी के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया और इसके बाद पास के एक अन्य घर में घुसने की कोशिश की. दूसरे घर में तैनात सुरक्षा कर्मी ने संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया. इसी दौरान फायरिंग की घटना हुई, जिसमें सुरक्षा कर्मी अपनी ही हथियार से चली गोली लगने से घायल हो गया. घटना के बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा पूरे इलाके में जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
पहले घर से लाखों के जेवर और नकदी चोरी
जानकारी के अनुसार, चोर सबसे पहले अशोक नगर स्थित एक बिल्डर के घर में घुसे. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बदमाश खिड़की और ड्रेनेज पाइप के सहारे पहली मंजिल तक पहुंचे और उस कमरे को निशाना बनाया, जहां कीमती सामान रखा था. पीड़ित परिवार ने बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, हीरे के गहने और नकदी चोरी होने का दावा किया है. परिवार के अनुसार, चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है. वारदात के तरीके को देखते हुए यह आशंका भी जताई जा रही है कि अपराधियों को घर की बनावट और सामान की पहले से जानकारी थी.
दूसरे घर में चोरी की कोशिश के दौरान फायरिंग
पहली वारदात के बाद बदमाशों ने पास के एक अन्य घर में भी प्रवेश करने की कोशिश की. वहां मौजूद सुरक्षा कर्मी ने उन्हें रोकने के लिए अपनी लाइसेंसी हथियार निकाली. इसी दौरान चली गोली सुरक्षा कर्मी को ही लग गई, जिससे वह घायल हो गया. गोली चलने की आवाज सुनते ही दोनों संदिग्ध मौके से फरार हो गए. घायल सुरक्षा कर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है. अशोक नगर में सुरक्षा व्यवस्था, गश्ती व्यवस्था और सीसीटीवी फुटेज की भी समीक्षा की जा रही है ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके.

