रांची: बच्चों पर नजर रख रहे थे बदमाश, मौका मिलते ही बच्चे के गले से सोने का लॉकेट छीना
रांची के पंडरा थाना क्षेत्र के विकासनगर में तीन स्कूटी सवार बदमाशों ने एक बच्चे के गले से सोने का लॉकेट झपट लिया और फरार हो गए. वारदात से पहले बदमाशों ने इलाके में कई चक्कर लगाकर बच्चों पर नजर रखी. इसके बाद पता पूछने के बहाने बच्चे के पास पहुंचे और मौका मिलते ही लॉकेट छीनकर भाग निकले.

Ranchi: पंडरा थाना क्षेत्र स्थित विकासनगर में तीन स्कूटी सवार बदमाशों ने खेल रहे एक बच्चे के गले से सोने का लॉकेट छीन लिया और फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले मोहल्ले में कई चक्कर लगाए और बच्चों के गले में पहने लॉकेट पर नजर रखी. सूचना मिलने के बाद पंडरा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
पता पूछने के बहाने बच्चे के पास पहुंचे बदमाश
जानकारी के अनुसार, तीनों बदमाश स्कूटी से विकासनगर पहुंचे और पहले इलाके में चार-पांच चक्कर लगाए. इस दौरान उन्होंने खेल रहे बच्चों के गले में पहने लॉकेट को चिन्हित किया. इसके बाद बदमाशों ने एक बच्चे के पास स्कूटी रोककर उससे पता पूछने का बहाना किया. मौका मिलते ही एक बदमाश ने बच्चे के गले से सोने का लॉकेट झपट लिया. घटना के बाद तीनों मौके से फरार हो गए. बच्चे के पिता का नाम राजवीर बताया गया है.
चेन स्नैचिंग के बाद पुलिस जांच में जुटी
वारदात के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है. रांची पुलिस की ओर से चेन स्नैचिंग और झपटमारी के मामलों में कार्रवाई के बावजूद अपराधियों की गतिविधियां थमती नजर नहीं आ रही हैं. घटना की सूचना मिलने पर पंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य सुरागों की जांच कर रही है.

