Stock Market Update: शेयर बाजार में शानदार तेजी, सेंसेक्स 550 अंक उछला, रुपया भी मजबूत
लगातार दबाव में चल रहे भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को जबरदस्त वापसी देखने को मिली. मजबूत वैश्विक संकेतों, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रुपये में सुधार के चलते निवेशकों का भरोसा लौटा, जिससे बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली.

लगातार दबाव में चल रहे भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को जबरदस्त वापसी देखने को मिली. मजबूत वैश्विक संकेतों, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रुपये में सुधार के चलते निवेशकों का भरोसा लौटा, जिससे बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली. शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 550 अंक से अधिक चढ़ गया, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 23,800 के स्तर के ऊपर पहुंच गया. बाजार में रियल्टी, पावर, कैपिटल गुड्स और मिडकैप-स्मॉलकैप शेयरों में शानदार तेजी दर्ज की गई. दूसरी ओर आईटी शेयरों में दबाव बना रहा. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के साथ बातचीत को लेकर दिए गए बयान से वैश्विक बाजारों में सकारात्मक माहौल बना है. इसके साथ ही रुपये में नौ दिनों से जारी गिरावट भी थम गई, जिससे घरेलू बाजारों को अतिरिक्त समर्थन मिला.
सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार तेजी
सुबह 9:25 बजे बीएसई सेंसेक्स 346.97 अंक यानी 0.46 फीसदी की तेजी के साथ 75,665.36 अंक पर कारोबार कर रहा था. वहीं निफ्टी 50 इंडेक्स 115.55 अंक यानी 0.49 फीसदी चढ़कर 23,774.55 पर पहुंच गया. शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयर हरे निशान में खुले. बीईएल के शेयरों में सबसे ज्यादा 2.32 फीसदी की तेजी दर्ज की गई. इसके अलावा इंडिगो, एशियन पेंट्स, पावरग्रिड, लार्सन एंड टुब्रो (L&T) और टाटा स्टील के शेयरों में भी एक फीसदी से ज्यादा उछाल देखने को मिला. दूसरी ओर टीसीएस और इन्फोसिस के शेयर दबाव में रहे.
ब्रॉडर मार्केट में भी खरीदारी
बाजार में केवल बड़ी कंपनियों के शेयर ही नहीं, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी मजबूत खरीदारी देखने को मिली. निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.89 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.99 फीसदी तक चढ़ गया. सेक्टरवाइज बात करें तो निफ्टी रियल्टी, सीमेंट, मीडिया और पीएसयू बैंक इंडेक्स ने बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि आईटी सेक्टर में कमजोरी बनी रही. विशेषज्ञों के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान से बाजार को राहत मिली है, जिसमें उन्होंने कहा कि ईरान के साथ बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है. इससे पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और कच्चे तेल की सप्लाई सामान्य होने की उम्मीद बढ़ी है. इसका असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ा, जिससे भारतीय बाजार को भी मजबूती मिली.
नौ दिनों बाद मजबूत हुआ रुपया
डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में लगातार नौ दिनों से जारी गिरावट आज थम गई. पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 96.82 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था, लेकिन आज शुरुआती कारोबार में यह 61 पैसे मजबूत होकर 96.25 तक पहुंच गया. माना जा रहा है कि आरबीआई के हस्तक्षेप और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से रुपये को मजबूती मिली है. वैश्विक तनाव में कमी, रुपये में सुधार और कच्चे तेल की कीमतों में राहत के चलते निवेशकों का भरोसा दोबारा मजबूत हुआ है. बाजार जानकारों का मानना है कि यदि वैश्विक हालात स्थिर रहते हैं और विदेशी निवेशकों की खरीदारी बनी रहती है, तो आने वाले दिनों में बाजार में और मजबूती देखने को मिल सकती है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.




Leave a comment