रांची में 1.86 लाख पेंशनधारियों को सितंबर की पेंशन, खाते में पहुंची 18.66 करोड़ की राशि
रांची जिले में सर्वजन पेंशन योजना के तहत सितंबर महीने की पेंशन राशि 1 लाख 86 हजार 669 लाभुकों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से भेज दी गई है. प्रत्येक लाभुक को 1-1 हजार रुपये की राशि दी गई है. कुल 18 करोड़ 66 लाख 69 हजार रुपये का भुगतान हुआ है.

Ranchi: जिले में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सर्वजन पेंशन योजना के तहत सितंबर महीने की पेंशन राशि लाभुकों के बैंक खातों में भेज दी गई है. उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर प्रथम चरण में जिले के 1 लाख 86 हजार 669 लाभुकों को DBT के माध्यम से भुगतान किया गया. प्रत्येक लाभुक के खाते में 1-1 हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की गई है. इसके तहत कुल 18 करोड़ 66 लाख 69 हजार रुपये का भुगतान हुआ. सरकार की ओर से वृद्धावस्था, आदिम जनजाति, HIV/AIDS पीड़ित और ट्रांसजेंडर लाभुकों को योजना का लाभ दिया जा रहा है.
आधार सीडिंग नहीं कराने पर रुक सकता है पेंशन भुगतान
सितंबर महीने में मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के 1 लाख 85 हजार 894, मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना के 318, HIV/AIDS पीड़ित व्यक्ति सहायता पेंशन योजना के 454 और मुख्यमंत्री राज्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 3 ट्रांसजेंडर लाभुकों को राशि दी गई है. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभुकों के बैंक खाते में पेंशन राशि नहीं पहुंची है, उन्हें अपने बैंक खाते से आधार सीडिंग कराना अनिवार्य है. आधार सीडिंग के बाद ही योजना का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहेगा. प्रशासन ने पात्र लाभुकों से आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की अपील की है.

