झारखंड में गर्मी से राहत: रांची समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना
राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में आज यानी गुरुवार से मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है. भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को अगले कुछ दिनों में राहत मिलने की उम्मीद है.

Ranchi: राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में आज यानी गुरुवार से मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है. भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को अगले कुछ दिनों में राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम केंद्र रांची के अनुसार 28 मई से 2 जून तक राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघ गर्जन और तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की आशंका जताई है. खासतौर पर रांची, खूंटी, गुमला, बोकारो, पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है. मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है. वहीं किसानों को भी लगातार मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने को कहा गया है.
अगले 5 दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 28 मई से 31 मई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. इस दौरान कई जिलों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 29 मई को कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. वहीं 30 मई से 2 जून तक 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. आज रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो और रामगढ़ में बारिश हो सकती है. इसके अलावा धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा और हजारीबाग में तेज आंधी-तूफान का असर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने वज्रपात की भी चेतावनी जारी की है.
रांची में 4 डिग्री तक गिरेगा तापमान
राजधानी रांची में अगले कुछ दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है. 27 मई को जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं 30 और 31 मई तक यह घटकर 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. बुधवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान डालटनगंज में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पलामू प्रमंडल में भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे. वहीं रांची में अधिकतम तापमान 37 डिग्री, जमशेदपुर में 36.8 डिग्री, बोकारो में 36.2 डिग्री और चाईबासा में 38.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. गुमला में 40.3 डिग्री और लोहरदगा में 39.9 डिग्री तापमान दर्ज हुआ.
खूंटी में सबसे ज्यादा बारिश
बारिश की बात करें तो बुधवार को खूंटी में सबसे अधिक 28 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा चाईबासा में 16.6 मिमी और बोकारो में 15.8 मिमी बारिश दर्ज की गई. हालांकि राज्य के कई हिस्सों में बारिश नहीं होने से लोगों को उमस से राहत नहीं मिल सकी. मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें. तेज हवा और वज्रपात के दौरान घरों के अंदर सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment