राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय का भारत U-19 टीम में चयन, श्रीलंका दौरे पर खेलेंगे
राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ को श्रीलंका दौरे के लिए भारत अंडर-19 वनडे टीम में जगह मिली है. विकेटकीपर-बल्लेबाज अन्वय ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है.

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ अब भारत की जर्सी में खेलते हुए नजर आएंगे. 17 वर्षीय अन्वय का चयन श्रीलंका दौरे के लिए भारत की अंडर-19 वनडे टीम में किया गया है. मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज और विकेटकीपर के रूप में खेलने वाले अन्वय को हाल ही में उनके शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है. जूनियर चयन समिति के अध्यक्ष एस. शरत ने टीम की घोषणा की। भारत की अंडर-19 टीम 4 जुलाई से शुरू होने वाले श्रीलंका दौरे पर तीन वनडे और दो मल्टी-डे मैच खेलेगी.
घरेलू क्रिकेट में शानदार रहा अन्वय का प्रदर्शन
अन्वय द्रविड़ हाल के समय में जूनियर क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. दिसंबर में, उन्होंने कर्नाटक के लिए विजय मर्चेंट ट्रॉफी में अपना पहला शतक बनाया. इसके अलावा, पिछले साल उन्होंने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में कर्नाटक टीम की कप्तानी भी की थी. इस टूर्नामेंट में उन्होंने 6 मैचों में कुल 220 रन बनाए. हिमाचल प्रदेश के खिलाफ 236 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए, अन्वय ने 93 गेंदों पर 82 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल थे. चंडीगढ़ के खिलाफ भी उन्होंने 63 रन बनाकर अपनी बल्लेबाजी कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया.
बड़े भाई समित को नहीं मिला था मौका, अब अन्वय की बारी
अन्वय के बड़े भाई, समित द्रविड़, का चयन 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली घरेलू अंडर-19 सीरीज के लिए हुआ था. लेकिन दुर्भाग्यवश, चोट के चलते वह मैदान पर नहीं उतर सके. अब द्रविड़ परिवार के लिए एक और गर्व का पल आया है, क्योंकि अन्वय को भारत अंडर-19 टीम में शामिल किया गया है. अन्वय पहले भी भारत अंडर-19 सेटअप का हिस्सा रह चुके हैं. अंडर-19 वर्ल्ड कप से पहले, उन्होंने इंडिया ब्लू टीम के लिए खेला था, लेकिन उन्हें केवल एक मैच खेलने का मौका मिला. इस बार, श्रीलंका दौरे पर उनके पास खुद को साबित करने का एक बड़ा अवसर है.
भारत अंडर-19 टीम और श्रीलंका दौरे का कार्यक्रम
यशवर्धन सिंह चौहान को वनडे और मल्टी-डे दोनों टीमों का कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि लक्ष्य रायचंदानी उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे. श्रीलंका दौरे में तीन वनडे और दो मल्टी-डे मैच खेले जाने वाले हैं. 4 जुलाई से शुरू होने वाली इस सीरीज को युवा खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभव हासिल करने का एक बेहतरीन मौका माना जा रहा है. क्रिकेट प्रशंसकों की खास नजरें अन्वय द्रविड़ पर होंगी, जो अपने पिता राहुल द्रविड़ की विरासत को आगे बढ़ाने की दिशा में पहला बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं.

