जनगणना-2027 की तैयारी तेज, देवघर में पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
देवघर में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं. उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने पांच दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया. प्रशिक्षण में अधिकारियों और कर्मियों को डिजिटल डेटा एंट्री, प्रगणना प्रक्रिया और फील्ड वर्क की जानकारी दी जा रही है.

Deoghar: भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना को लेकर देवघर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में शुक्रवार को परिसदन सभागार में पांच दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की. यह प्रशिक्षण 30 अक्टूबर से 3 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा. इसमें जिला, अनुमंडल, शहरी और चार्ज स्तर पर प्रतिनियुक्त जनगणना पदाधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स तथा तकनीकी सहायकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है. केंद्रीय प्रशिक्षक दल के सदस्य जनगणना से जुड़ी तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रक्रियाओं की जानकारी दे रहे हैं.
सटीक आंकड़ों से तय होंगी भविष्य की योजनाएं
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रव्यापी कार्य है. इससे प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही भविष्य की कल्याणकारी योजनाओं और नीतियों का निर्धारण किया जाता है. ऐसे में जनगणना के प्रत्येक चरण में सटीकता, पारदर्शिता और गंभीरता बनाए रखना बेहद जरूरी है. उन्होंने सभी अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों को प्रशिक्षण के प्रत्येक बिंदु को गंभीरता से समझने का निर्देश दिया. कहा कि क्षेत्र में कार्य के दौरान किसी तरह की तकनीकी या व्यावहारिक परेशानी नहीं होनी चाहिए. साथ ही सभी स्तर के प्रभारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने को कहा.
डिजिटल डेटा एंट्री और फील्ड वर्क की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान केंद्रीय प्रशिक्षक दल ने डिजिटल माध्यम से डेटा एंट्री, प्रगणना की शुद्धता, आंकड़ों के संकलन और क्षेत्रीय कार्य के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी. प्रतिभागियों की तकनीकी एवं व्यावहारिक शंकाओं का भी समाधान किया गया. प्रशासन का उद्देश्य जनगणना कार्य से जुड़े सभी कर्मियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना है, ताकि द्वितीय चरण का कार्य व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके. कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, केंद्रीय प्रशिक्षक दल के सदस्य, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, जनगणना पदाधिकारी, तकनीकी सहायक, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.

