J-TET 2026: रांची में सबसे ज्यादा अभ्यर्थी, धनबाद में बनाए गए सबसे अधिक परीक्षा केंद्र
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 में 5,65,916 अभ्यर्थी शामिल होंगे. परीक्षा के लिए 24 जिलों में 986 केंद्र बनाए गए हैं. रांची में सबसे ज्यादा परीक्षार्थी और धनबाद में सबसे अधिक परीक्षा केंद्र हैं.

Ranchi :- झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (J-TET) 2026 को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. 1 नवंबर को आयोजित होने वाली इस परीक्षा में राज्यभर के 5,65,916 अभ्यर्थी शामिल होंगे. इसके लिए झारखंड के सभी 24 जिलों में कुल 986 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा से जुड़े आंकड़ों में एक दिलचस्प बात सामने आई है. परीक्षार्थियों की संख्या में रांची सबसे आगे है, जबकि परीक्षा केंद्रों की संख्या के मामले में धनबाद पहले स्थान पर है. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) के आंकड़ों के अनुसार, रांची में सबसे ज्यादा 65,754 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. इसके बावजूद यहां 101 परीक्षा केंद्र ही बनाए गए हैं. वहीं, धनबाद में 48,859 परीक्षार्थियों के लिए राज्य में सबसे अधिक 108 केंद्र निर्धारित किए गए हैं.
रांची के बाद जमशेदपुर और धनबाद में सबसे ज्यादा परीक्षार्थी
जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो रांची के बाद जमशेदपुर में 57,133 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. धनबाद में 48,859, बोकारो में 46,181 और गिरिडीह में 32,041 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे. इसके अलावा पलामू में 30,434, देवघर में 29,880 और हजारीबाग में 27,864 अभ्यर्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया है. इन आठ जिलों में कुल 3,37,346 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे. यह राज्य के कुल परीक्षार्थियों का लगभग 59.6 प्रतिशत है.
प्रमुख जिलों में परीक्षार्थियों और केंद्रों की स्थिति
जिला | परीक्षार्थी | परीक्षा केंद्र
| रांची | 65,754 | 101 |
| जमशेदपुर | 57,133 | 93 |
| धनबाद | 48,859 | 108 |
| बोकारो | 46,181 | 72 |
| गिरिडीह | 32,041 | 46 |
| पलामू | 30,434 | 47 |
| देवघर | 29,880 | 45 |
| हजारीबाग | 27,864 | 53 |
राज्य में कुल 5,65,916 अभ्यर्थियों के लिए 986 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इनमें पहली पाली में 3,69,705 और दूसरी पाली में 1,96,211 परीक्षार्थी शामिल होंगे.
31 अक्टूबर तक जिलों को देनी होगी तैयारी की रिपोर्ट
परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जैक ने सभी जिलों को तैयारियों की अंतिम रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है. सभी जिलों के उपायुक्तों को 31 अक्टूबर की शाम 5 बजे तक 13 बिंदुओं वाली चेकलिस्ट के आधार पर रिपोर्ट देनी होगी.इस चेकलिस्ट में प्रश्नपत्रों को ट्रेजरी या स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखने, सील की जांच और केंद्रवार प्रश्नपत्रों की उपलब्धता की जानकारी शामिल है. इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर पुलिस सुरक्षा और सीसीटीवी व्यवस्था की भी समीक्षा की जाएगी.
केंद्रों पर सुरक्षा और जरूरी सुविधाओं की होगी जांच
जिलों को सभी परीक्षा केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने के साथ केंद्र अधीक्षकों और वीक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करनी होगी. मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती के अलावा ओएमआर शीट, रोल शीट और उपस्थिति पत्रक के वितरण की भी पुष्टि करनी होगी. परीक्षा केंद्रों पर सीटिंग प्लान, जिला कंट्रोल रूम और साइबर सेल की सक्रियता की जांच भी जरूरी होगी. इसके साथ ही कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, फायर ब्रिगेड और सदर अस्पताल की आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा की जाएगी. अंतिम रिपोर्ट पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO), एसएनओ (एडमिन) और संबंधित उपायुक्त के हस्ताक्षर होंगे. इसके बाद जैक को प्रमाणित किया जाएगा कि जिले में परीक्षा आयोजित कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

