चांडिल डैम को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने की तैयारी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चांडिल डैम को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने पर्यटकों की सुरक्षा, बोटिंग, बुनियादी सुविधाओं और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए विकास का ब्लूप्रिंट तैयार करने का निर्देश दिया.

Chandil: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को अपने परिजनों के साथ सरायकेला-खरसावां जिले के प्रसिद्ध चांडिल डैम का भ्रमण किया. धातकीडीह जाने के क्रम में मुख्यमंत्री ने डैम की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण का आनंद लिया. इस दौरान उन्होंने चांडिल डैम को झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराई. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और इसे राज्य के पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने की जरूरत है. भ्रमण के दौरान उन्होंने डैम के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अधिकारियों के साथ चर्चा भी की.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह को चांडिल डैम के बेहतर पर्यटन संवर्धन के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया. उन्होंने पर्यटकों की सुरक्षा, बुनियादी सुविधाओं और नौकायन यानी बोटिंग की व्यवस्था को अधिक आधुनिक और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि चांडिल डैम में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देकर स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं. इसके साथ ही उन्होंने चांडिल परियोजना के कार्यों में तेजी लाने, जल प्रबंधन और बिजली उत्पादन एवं संवर्धन से जुड़े कार्यों के लिए भी कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया.
मुख्यमंत्री ने चांडिल डैम और उसके आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक और पर्यावरण-अनुकूल ब्लूप्रिंट तैयार करने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के दौरान प्राकृतिक वातावरण और पर्यावरण का संरक्षण प्राथमिकता में रहना चाहिए. इस मौके पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सविता महतो, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम, उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, चांडिल एसडीएम नितिन शिवम गुप्ता समेत जिला प्रशासन और पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.


