जामताड़ा में 100 MBBS सीट वाले मेडिकल कॉलेज की स्थापना का रास्ता साफ, सरकार एक रुपये में देगी संचालन की जिम्मेदारी
झारखंड के जामताड़ा जिले में 100 MBBS सीटों वाले मेडिकल कॉलेज की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है. राज्य सरकार ने PPP मॉडल के तहत मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के विकास के लिए संबंधित संस्था को LOI देने का निर्णय लिया है.

रांची:- झारखंड के जामताड़ा जिले में 100 MBBS सीटों वाले मेडिकल कॉलेज की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है. राज्य सरकार ने पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के विकास के लिए संबंधित संस्था को लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) देने का निर्णय लिया है. इस परियोजना के तहत जामताड़ा के मौजूदा 100 बेड वाले सदर अस्पताल को अपग्रेड कर 420 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा. साथ ही, यहां 100 MBBS सीटों वाले मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी.
गुरुवार को रिम्स में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी शामिल हुए. बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग के सचिव ने परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने मेडिकल कॉलेज के विकास के लिए आयोजित बिड में प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर संबंधित संस्था का चयन किया है. खास बात यह है कि संस्था ने महज एक रुपये में मेडिकल कॉलेज की स्थापना और अस्पताल के उन्नयन की जिम्मेदारी लेने का प्रस्ताव दिया है. स्वास्थ्य सचिव ने मंत्री से संबंधित प्रतिनिधि को LOI सौंपने का अनुरोध किया.
जामताड़ा के लिए ऐतिहासिक कदम: इरफान अंसारी
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जामताड़ा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना जिले के लोगों के लिए बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि जामताड़ा पश्चिम बंगाल की सीमा से सटा छोटा जिला है, जहां बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी. मेडिकल कॉलेज खुलने से जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी और उन्हें इलाज के लिए दूसरे जिलों पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी.
मंत्री ने कहा कि जामताड़ा में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का सपना अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. उन्होंने इस परियोजना के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की.
100 बेड का अस्पताल बनेगा 420 बेड का
इस परियोजना के तहत जामताड़ा सदर अस्पताल की क्षमता 100 बेड से बढ़ाकर 420 बेड करने की योजना है. इसके साथ ही 100 MBBS सीटों वाला मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाएगा. इससे मेडिकल शिक्षा के अवसर बढ़ने के साथ ही स्थानीय स्तर पर डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता में भी सुधार होने की उम्मीद है.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य के दूरदराज के क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है. मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के विकास से जामताड़ा के साथ आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा.
दूसरे क्षेत्रों में भी मेडिकल कॉलेज खोलने की तैयारी
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने बताया कि कुछ अन्य प्रस्तावों की भी समीक्षा की जा रही है. आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने पर आगे निर्णय लिया जाएगा.
मंत्री ने राज्य में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास पर जोर देते हुए कहा कि आने वाले समय में अस्पतालों को बेहतर तकनीक और आधुनिक चिकित्सा संसाधनों से लैस करने की दिशा में काम किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा किसी भी राज्य के विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं. झारखंड सरकार का प्रयास है कि आम लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध हो और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे.
जामताड़ा में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जिले में चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है. हालांकि, परियोजना का वास्तविक क्रियान्वयन LOI, आगे की औपचारिकताओं और निर्माण कार्य की प्रगति पर निर्भर करेगा.




