गढ़वा के कस्तूरबा हॉस्टल में 100 से अधिक छात्राएं बीमार, गर्म पानी और भोजन पर उठे सवाल
झारखंड के गढ़वा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में 100 से अधिक छात्राएं अचानक बीमार पड़ गईं। छात्राओं ने दूषित भोजन और गर्म पानी पीने का आरोप लगाया है। घटना के बाद सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि हॉस्टल प्रबंधन की लापरवाही को लेकर प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

Garhwa: झारखंड के गढ़वा जिले के खरौंधी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 100 से अधिक छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई. सभी छात्राओं को पेट दर्द, उल्टी, चक्कर और बेचैनी की शिकायत के बाद भवनाथपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल सभी का इलाज जारी है.
छात्राओं का आरोप है कि दोपहर में उन्हें भोजन में पुआ और चावल दिया गया था. वहीं भीषण गर्मी और बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण छत पर रखी प्लास्टिक की टंकी का पानी काफी गर्म हो गया था, जिसे पीने के लिए मजबूर होना पड़ा. शाम तक कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी. आरोप है कि विद्यालय में जेनरेटर उपलब्ध होने के बावजूद पानी की मोटर नहीं चलाई गई, जिससे पीने के लिए पर्याप्त ठंडा पानी भी उपलब्ध नहीं हो सका.
घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठे हैं. परिजनों का आरोप है कि जब वे अपनी बेटियों का हाल जानने पहुंचे तो हॉस्टल का मुख्य गेट बंद कर दिया गया. बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद गेट खोला गया और छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया गया.
बताया जा रहा है कि घटना के समय हॉस्टल में न तो वॉर्डन मौजूद थीं और न ही एकाउंटेंट. मामले की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर फूड प्वाइजनिंग और अत्यधिक गर्म पानी पीने को छात्राओं के बीमार होने की संभावित वजह माना जा रहा है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.




Leave a comment