एक जीत... दो बड़े फायदे! ICC T20I Ranking में भी फिर बनी नंबर-1
जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार जीत ने टीम इंडिया को दोहरी खुशी दी. भारत ने न सिर्फ टी20 सीरीज अपने नाम की, बल्कि ICC T20I रैंकिंग में भी इंग्लैंड को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की नंबर-1 टीम बनने का ताज वापस हासिल कर लिया.


हरारे में टीम इंडिया ने ऐसा प्रदर्शन किया, जिससे एक ही मैच में दो बड़ी खुशखबरियां मिल गईं. एक तरफ श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत ने जिम्बाब्वे को 90 रन से हराकर टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली, तो दूसरी ओर ICC Men's T20I Rankings में इंग्लैंड को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की नंबर-1 टीम बनने का ताज भी दोबारा हासिल कर लिया।. कुछ दिन पहले तक तस्वीर बिल्कुल अलग थी. इंग्लैंड के खिलाफ 0-4 से सीरीज गंवाने के बाद भारत नंबर-1 की कुर्सी से नीचे खिसक गया था और टीम पर कई सवाल उठ रहे थे. लेकिन जिम्बाब्वे दौरे पर लगातार दो जीत ने भारतीय टीम को फिर से शीर्ष पर पहुंचा दिया.
शुरुआत लड़खड़ाई, फिर ईशान-तिलक ने पलट दी बाजी
दूसरे टी20 मुकाबले में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही. शुरुआती ओवरों में ही दो विकेट गिर गए और ऐसा लगा कि टीम बड़ा स्कोर नहीं बना पाएगी। लेकिन यहीं से ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने पारी को संभाला. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़कर भारतीय पारी को स्थिरता दी. इसके बाद तिलक वर्मा ने सिर्फ 29 गेंदों में नाबाद 60 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि ईशान किशन ने 44 गेंदों में शानदार 81 रन बनाकर टीम को 219 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया. मैच के बाद ईशान किशन ने बताया कि शुरुआती विकेट गिरने के बाद उनकी प्राथमिकता आक्रामक बल्लेबाजी नहीं, बल्कि साझेदारी बनाना और विकेट को समझना था. उन्होंने कहा, "दो विकेट जल्दी गिर गए थे। ऐसे में हमारा लक्ष्य पहले साझेदारी करना था। हमें यह समझना था कि विकेट पर 250 रन बन सकते हैं या 180-200 का स्कोर ही मुकाबले के लिए पर्याप्त होगा. जब श्रेयस आए तो हमने पारी को आखिर तक ले जाने की योजना बनाई और उसी पर अमल किया."
गेंदबाजों ने खत्म किया मुकाबला, भारत फिर बना दुनिया का बादशाह
220 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक ही नहीं सकी. पहले नौ ओवर में ही मेजबान टीम के पांच बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे. इसके बाद जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और पूरी टीम 129 रन पर ऑलआउट हो गई. भारत ने मुकाबला 90 रन से जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली. इस जीत की अहमियत सिर्फ सीरीज जीतने तक सीमित नहीं रही। इसी जीत के साथ भारत ने ICC Men's T20I Rankings में फिर से पहला स्थान हासिल कर लिया. इंग्लैंड के खिलाफ मिली करारी हार के बाद जिस टीम पर सवाल उठ रहे थे, उसी टीम ने कुछ ही दिनों में मैदान पर जवाब देकर दुनिया की नंबर-1 टीम का ताज वापस अपने नाम कर लिया. अब जिम्बाब्वे दौरे पर भारतीय टीम ने यह संकेत भी दे दिया है कि इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार एक झटका जरूर थी, लेकिन उससे टीम का आत्मविश्वास नहीं टूटा. बल्लेबाजी, गेंदबाजी और कप्तानी- तीनों विभागों में संतुलित प्रदर्शन ने भारत की बादशाहत एक बार फिर साबित कर दी.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

क्या भारत में खेली जाएगी 144 साल पुरानी Ashes? Cricket Australia के बयान से मची सनसनी






Leave a comment