NEET UG 2026 Result: झारखंड के सुहर्ष कुमार गुप्ता बने स्टेट टॉपर, AIR 455 हासिल, रांची के ज्ञानेंद्र गर्व भी चमके
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है. झारखंड के सुहर्ष कुमार गुप्ता ने AIR 455 के साथ राज्य में पहला स्थान हासिल किया, जबकि रांची के ज्ञानेंद्र गर्व ने AIR 676 प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया.

NEET UG 2026 Result: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है. इस वर्ष 21 जून 2026 को आयोजित परीक्षा के लिए कुल 22,79,743 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 19,99,895 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए. इनमें 11,21,185 अभ्यर्थियों ने परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की. परीक्षा देश के 551 शहरों और 14 विदेशी शहरों के 5,440 परीक्षा केंद्रों पर 13 भाषाओं में आयोजित की गई थी. इस बार परीक्षा का आयोजन पेपर लीक विवाद के बाद दोबारा किया गया था, जिसके बावजूद बड़ी संख्या में छात्रों ने परीक्षा दी और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सफलता हासिल की. अब सफल अभ्यर्थी मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेंगे.
झारखंड के छात्रों का शानदार प्रदर्शन, सुहर्ष बने स्टेट टॉपर
इस बार झारखंड के छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन किया. सुहर्ष कुमार गुप्ता ने 99.97 पर्सेंटाइल के साथ ऑल इंडिया रैंक (AIR) 455 हासिल कर राज्य टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया. वहीं रांची के ज्ञानेंद्र गर्व ने 99.96 पर्सेंटाइल, 655 अंक और AIR 676 हासिल की. इसके अलावा अक्षत प्रेम ने AIR 2034, शाकिब अहमद ने AIR 2282, मयंक कुमार ने AIR 3211, वैष्णवी राज ने AIR 3905 और सर्वजीत ने AIR 4271 हासिल कर राज्य का नाम रोशन किया. जेवीएम श्यामली समेत कई शिक्षण संस्थानों के छात्रों के शानदार प्रदर्शन से स्कूलों और पूरे राज्य में खुशी का माहौल है. विशेषज्ञों का मानना है कि झारखंड में मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है.
ज्ञानेंद्र गर्व की सफलता बनी प्रेरणा
रांची के ज्ञानेंद्र गर्व की सफलता चर्चा का विषय बनी हुई है. उन्होंने 655 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक 676 प्राप्त की. ज्ञानेंद्र के पिता मयंक भूषण गढ़वा में एसडीओ हैं, जबकि उनकी मां कुमारी अंजली सरकारी शिक्षिका हैं. उन्होंने 10वीं की पढ़ाई डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल से और 12वीं की पढ़ाई जेवीएम श्यामली से पूरी की. उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षक और मित्रों में खुशी का माहौल है. ज्ञानेंद्र का कहना है कि नियमित पढ़ाई, अनुशासित दिनचर्या और निरंतर अभ्यास उनकी सफलता का सबसे बड़ा आधार रहे. रांची के करीब 10 हजार अभ्यर्थियों ने इस वर्ष NEET UG परीक्षा दी थी, जिनमें कई छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन किया.
राष्ट्रीय स्तर पर छात्राओं का दबदबा, दो छात्रों ने किया टॉप
राष्ट्रीय स्तर पर पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया. इस वर्ष 19 उम्मीदवारों ने 700 से अधिक अंक और 138 अभ्यर्थियों ने 690 से अधिक अंक हासिल किए. परिणामों में छात्राओं का प्रदर्शन एक बार फिर बेहतर रहा. कुल 6,54,049 छात्राएं और 4,67,134 छात्र परीक्षा में सफल हुए. सफल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं. छात्राओं का सफलता प्रतिशत 56.8 प्रतिशत रहा, जबकि छात्रों का सफलता प्रतिशत 55.1 प्रतिशत दर्ज किया गया. श्रेणीवार परिणामों में OBC-NCL के 5.12 लाख, सामान्य वर्ग के 2.91 लाख, SC के 1.59 लाख, ST के 63,716 और EWS के 95,026 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की.
NTA की सलाह, फर्जी दावों से रहें सावधान
NTA ने स्पष्ट किया है कि उसकी भूमिका केवल परीक्षा आयोजित करने, परिणाम जारी करने और ऑल इंडिया रैंक (AIR) घोषित करने तक सीमित है. मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) और संबंधित राज्य काउंसलिंग प्राधिकरणों द्वारा आयोजित की जाएगी. एजेंसी ने अभ्यर्थियों को फर्जी कॉल, मैसेज, वेबसाइट या पैसे लेकर मेडिकल सीट दिलाने और अंक बढ़ाने का दावा करने वाले ठगों से सतर्क रहने की सलाह दी है. उम्मीदवार अपना स्कोरकार्ड और अन्य आधिकारिक जानकारी केवल neet.nta.nic.in पर जाकर ही देखें और किसी भी अनधिकृत माध्यम पर भरोसा न करें. अब सभी सफल उम्मीदवारों की नजर आगामी काउंसलिंग प्रक्रिया और पसंदीदा मेडिकल कॉलेज में प्रवेश पर टिकी है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.





Leave a comment