हजारीबाग में दिनदहाड़े 25 लाख की ज्वेलरी लूट, फायरिंग कर बदमाश फरार
बड़कागांव में दिनदहाड़े ज्वेलरी शोरूम से 22 से 25 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. हथियारबंद अपराधियों ने विरोध करने पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए.

Hazaribag: हजारीबाग के बड़कागांव में शनिवार को दिनदहाड़े ज्वेलरी शोरूम से हुई 25 लाख रुपये की लूट ने पूरे इलाके की कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है. सुबह करीब 11:30 बजे, जब बाजार में सामान्य चहल-पहल थी, तभी हथियारों से लैस तीन अपराधी अपाचे बाइक पर सवार होकर ज्वेलरी दुकान पहुंचे और कुछ ही मिनटों में बड़ी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. अपराधियों ने लूट के दौरान विरोध करने पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया. घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी दुकानें बंद कर भागते नजर आए.
गोली चलने के बाद मची भगदड़
चश्मदीदों के मुताबिक तीनों अपराधी सीधे ज्वेलरी शोरूम में घुसे और दुकानदार प्रभु सोनी को हथियार दिखाकर चुप रहने को कहा. इसके बाद शो-केस से सोने के जेवरात समेटने लगे. अनुमान के मुताबिक अपराधी 22 से 25 लाख रुपये मूल्य के गहने लेकर फरार हुए. जब आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और विरोध करने की कोशिश की, तो अपराधियों ने बिना हिचकिचाहट 4 से 5 राउंड फायरिंग कर दी. गोली चलने की आवाज से पूरे बाजार में भगदड़ मच गई. अपराधी इसी दहशत का फायदा उठाकर बाइक से मौके से निकल गए.
फायरिंग में युवक घायल
फायरिंग के दौरान सुधीर सोनी नामक व्यक्ति गोली की चपेट में आ गया. गोली उसके हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है, लेकिन इस घटना ने यह साफ कर दिया है कि अपराधी किसी की जान लेने से भी पीछे नहीं हटते.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं. अपराधियों की पहचान और उनके फरार होने के रास्तों को ट्रैक करने की कोशिश की जा रही है. हालांकि वारदात को कई घंटे बीत जाने के बावजूद अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिससे पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं. पुलिस ने दावा किया है कि छापेमारी अभियान तेज किया गया है और जल्द खुलासा होगा.
व्यापारियों में दहशत, बाजार की सुरक्षा पर उठे सवाल
दिनदहाड़े ज्वेलरी शोरूम में लूट और फायरिंग की इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में जबरदस्त डर है. व्यापारियों का कहना है कि अगर बाजार में हथियारबंद अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं, तो व्यापार करना मुश्किल हो जाएगा. व्यापारियों ने मांग की है कि बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती, स्थायी पुलिस पिकेट और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए. लोगों का साफ कहना है कि अगर जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो अपराधियों के हौसले और बढ़ेंगे.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment