9 अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज T20 मैच, रांची स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण
रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे T20 मुकाबले को लेकर सुरक्षा तैयारियां तेज हो गई हैं. 5 अक्टूबर को अपर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक मनोज कौशिक ने स्टेडियम और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया.

Ranchi: JSCA अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे T20 मुकाबले का आयोजन होना है. मैच को लेकर रांची पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में 5 अक्टूबर को अपर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक, दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, मनोज कौशिक ने स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया. इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक रांची राकेश रंजन समेत पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी और जेएससीए के अध्यक्ष-सचिव मौजूद रहे. निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, प्रवेश-निकास और दर्शकों की सुविधा से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की गई.
स्टेडियम से लेकर पार्किंग और यातायात व्यवस्था की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान स्टेडियम और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था के साथ प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और दर्शकों की सुरक्षा का जायजा लिया गया. इसके अलावा खिलाड़ियों और दोनों टीमों की सुरक्षा, महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा तथा आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. अधिकारियों ने मैच के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया. इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जेएससीए के पदाधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई, ताकि मैच के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.
पुलिस ने आम लोगों से सहयोग की अपील की
अपर पुलिस महानिदेशक ने संबंधित अधिकारियों को मैच के दौरान सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया. पुलिस-प्रशासन की ओर से आम नागरिकों, दर्शकों, खिलाड़ियों और अन्य संबंधित लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है. रांची पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे मैच के दौरान पुलिस-प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. साथ ही यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें. पुलिस का कहना है कि मैच को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं.

